गुजरात में निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान शुक्रवार को बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पुलिस की मौजूदगी में ही जमकर मारपीट हुई। वडोदरा के सोमा तालव क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच पहले किसी बात को लेकर बहस हुई जो बाद में धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गयी। चुनाव प्रचार के लिए जिस डंडे में झंडे लेकर कार्यकर्ता निकले थे उसी डंडों से एक दूसरे पर उनलोगों ने हमला कर दिया।

दोनों ही पक्ष को काबू करने में पुलिस को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। झड़प के दौरान पुलिस ने हालत को संभालने का प्रयास किया लेकिन उत्तेजित कार्यकर्ता मारपीट करते रहे। दोनों ही पक्ष के कई लोगों को घटना में चोट लगी।वड़ोदरा नगर निगम चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। कांग्रेस ने यहां ‘बनो कांग्रेस के सपोर्टर और चुनो काम के कॉर्पोरेटर’ का थीम दिया है।

21 फरवरी को होगा मतदान

सूरत, वड़ोदरा, राजकोट, जामनगर,भावनगर और अहमदाबाद नगर निगम के लिए 21 फरवरी को मतदान होने हैं। वहीं , जिला और तालुका पंचायतों के चुनाव 28 फरवरी होंगे। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और AIMIM भी अपना भाग्य अजमा रही है।

 

शुक्रवार शाम समाप्त हुआ चुनाव प्रचार

21 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए आज शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। भाजपा ने उसके द्वारा किये गए ‘विकास’ के नाम पर वोट मांगे हैं, वहीं लंबे समय से इन स्थानीय निकायों से दूर कांग्रेस ने बुनियादी सुविधाओं की कमी और ईंधन की कीमतों में वृद्धि को मुद्दा बनाया है। मतों की गणना का कार्य 23 फरवरी को होना है।

 

कांग्रेस ने डेटिंग डेस्टिनेशन का किया है वादा

कांग्रेस पार्टी ने वड़ोदरा में अपने घोषणापत्र में प्रत्येक क्षेत्र के लिए अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों और मुफ्त शिक्षा देने वाले आधुनिक स्कूलों के अलावा, युवाओं, छात्रों, जोड़ों और कॉपॉरेट्रस के लिए कॉफी शॉप के साथ डेटिंग डेस्टिनेशन देने का वादा किया है।