गुजरात निकाय चुनावों में 31 जिला पंचायतों में से आधे से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही कांग्रेस राज्य के ग्रामीण इलाकों में प्रभावशाली तरीके से वापसी करती दिखाई दे रही है। वहीं सत्तारूढ़ भाजपा शहरों के नगर निगमों पर अपना कब्जा बरकरार रखती नजर आ रही है। कांग्रेस ने इसे ग्रेट न्यूज (बड़ी खबर) करार दिया है। पार्टी ने दावा किया कि उसने जिला पंचायत की 31 में से 20 सीटें जीती हैं और बाकी पांच पर बीजेपी को कड़ी टक्कर दे रही है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने टि्वटर पर कहा, ”गुजरात निकाय चुनाव में ग्रेट न्यूज। 6.5 करोड़ गुजराती लोगों को बधाई। सीएम आनंदी बेन पटेल मेहसाणा जिले में खुद की ब्लॉक पंचायत सीट हार गईं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोगों की तारीफ करनी होगी।” बता दें कि पिछले 12 सालों में गुजरात में भाजपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते लगभग हर चुनाव में हारती आ रही कांग्रेस एक तरह से राज्य में अपना आधार खो चुकी थी। कांग्रेस ने रुझानों से मिले अच्छे संकेतों को भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश बताया।
शाम 6 बजे तक का हाल (किसने कितनी सीटें जीतीं)
अहमदाबाद: कांग्रेस 44, भाजपा 147 अन्य 1
भावनगर: कांग्रेस 18, भाजपा 34 अन्य 0
जामनगर: कांग्रेस 24, भाजपा 38 अन्य 2
राजकोट: कांग्रेस 34, भाजपा 38 अन्य 0
वड़ोदरा: कांग्रेस 14, भाजपा 50 अन्य 0
सूरत: कांग्रेस 29, भाजपा 71 अन्य 0
छह नगर निगमों (अहमदाबाद, सूरत, वड़ोदरा, राजकोट, जामनगर और भावनगर) के वोटों की गिनती हो रही है। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस के अलावा बसपा, भाकपा, राकपा, माकपा भी शामिल हुई हैं। छह नगर निगमों के लिए मतदान 26 नवम्बर को हुआ था जबकि 31 जिला पंचायतों, 230 तालुका पंचायतों और 56 नगर पालिकाओं के लिए मतदान 29 नवम्बर को हुआ था। छह नगर निगमों में मात्र 45 प्रतिशत मतदान हुआ था लेकिन अन्य अर्द्धशहरी एवं ग्रामीण निकायों के लिए 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।

