गूगल मैप ने दुनिया के अलग-अलग देश की सीमाओं के लिए नए डिजाइन वाला नक्शा जारी किया है। नक्शे में कश्मीर को भारत के बाहर से देखने पर ‘विवादित क्षेत्र’ बताया गया है। वहीं भारत से देखने पर इसे देश का हिस्सा बताया गया है। अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, नए मैप में कश्मीर बॉर्डर को ब्लैक डॉट से हाइलाइट किया गया है। अगर कोई यूजर गूगल मैप के जरिए भारत में रहकर कश्मीर का मैप देखेगा तो उसे यह ब्लैक डॉट हाइलाइट्स नहीं दिखाई देगी, वहीं अगर पाकिस्तान, अमेरिका या फिर किसी भी अन्य देश का यूजर मैप पर विजिट करेगा तो उसे यह हाइलाइट्स दिखाई देगी।

वहीं इसपर कंपनी की प्रवक्ता ने कहा है कि विवादित क्षेत्रों को अपने मैप पर प्रदर्शित के लिए कंपनी की सुसंगत और ग्लोबल नीति है। नए डिजाइन वाले मैप से हम किसी का पक्ष नहीं ले रहे हैं। हमारा मकसद सिर्फ और सिर्फ गूगल मैप सर्विस का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स क समृद्ध, अपडेट्ड और सही मैप मुहैया करवाना है।’ वहीं कंपनी के प्रॉडक्ट मैनेजमेंट के डायरेक्टर एथन रसेल ने भी इसपर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि हमारा लक्ष्य हमेशा जमीनी सच्चाई के आधार पर सबसे व्यापक और सटीक नक्शा उपलब्ध कराना है।

मालूम हो कि गूगल समय-समय पर अपनी मैप सर्विस में बदलवा करता रहता है। सिर्फ कश्मीर ही नहीं बल्कि ऐसे कई अन्य देश हैं जिनकी सीमाएं मैप पर अलग तरीके से पेश की गई हैं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किसी जगह से गूगल मैप को एक्सेस कर रहे हैं।

मालूम हो कि मोदी सरकार ने बीते साल अगस्त में जम्मू-कश्मीर को स्वायतता देने वाले आर्टिकल 370 के ज्यादात्तर प्रावधानों को निरस्त कर इसे केंद्रित शासित प्रदेश घोषित कर दिया। इसपर काफी विवाद है और पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को घेरने की लगातार कोशिश कर रहा है।