गोवा के नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के बाद भारत से भागे उसके मालिकों सौरभ लूथरा और उसके भाई गौरव लूथरा को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने गुरूवार को बताया कि नाइटक्लब के सह-मालिकों को भारत सरकार के अनुरोध पर हिरासत में लिया गया है। वहीं, गिरफ्तारी के बाद लूथरा भाइयों ने अपना पहला बयान जारी किया है।

लूथरा बंधुओं की गिरफ्तारी के बाद उनकी लीगल टीम द्वारा गुरुवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि वे कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं, जिनका कानून की प्रक्रिया से बचने का कभी इरादा नहीं था। बयान में यह भी कहा गया कि उन्हें गलत तरीके से पेश किया गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता तनवीर अहमद मीर सहित लूथरा बंधुओं की कानूनी टीम ने उन्हें देश लौटने और देश की न्यायिक प्रणाली के समक्ष आत्मसमर्पण करने की सलाह दी थी।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया बयान

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए मीर ने कहा कि बयान कल रात तैयार किया गया था और इंस्टाग्राम पर साझा किया गया था। दोनों भाई 10 दिसंबर को दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए पहुंचे थे, जहां वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने उनकी ओर से दलीलें पेश कीं। लूथरा ने कहा कि थाईलैंड में भाइयों की हिरासत के बावजूद अदालत के समक्ष उनकी याचिका तकनीकी रूप से अभी भी जीवित है। उन्होंने दावा किया कि जिस समय भीषण आग में 25 लोगों की जान चली गई, उस समय कथित तौर पर एक आउटसाइडर थर्ड पार्टी कलाकार रेस्तरां में प्रदर्शन कर रहा था।

पढ़ें- हिरासत में लूथरा ब्रदर्स

हमें न्यायिक प्रणाली पर पूरा भरोसा- लूथरा बंधु

बयान में कहा गया है, “हम, गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा, 11.12.2025 को भारत पहुंचेंगे और स्वयं को हमारे देश के पुलिस अधिकारियों और न्यायिक प्रणाली के अधिकार क्षेत्र में प्रस्तुत करेंगे। हम पुलिस अधिकारियों के साथ सहयोग करने का वचन देते हैं।” इसमें आगे कहा गया, “हम अपने महान देश के कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं और हमें न्यायिक प्रणाली पर पूरा भरोसा है। जैसा कि गलत तरीके से बताया गया है, हमारा कभी भी कानून की प्रक्रिया से बचने का इरादा नहीं था।”

बयान में आगे कहा गया है, “अपने देश लौटने का हमारा निर्णय उन कानूनी उपायों से असंबंधित और अप्रभावित है जिनका हमने पहले ही लाभ उठाया है या भविष्य में उठाएंगे।”

लूथरा भाइयों के खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर नोटिस’

लूथरा भाइयों के खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर नोटिस’ जारी किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को पुष्टि की है कि दोनों आरोपियों को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में लिया गया और उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने 6 दिसंबर की देर रात 1 बजकर 17 मिनट पर एक यात्रा पोर्टल के माध्यम से फुकेट के लिए अपनी टिकटें बुक की थीं। उन्होंने उत्तरी गोवा के अरपोरा में स्थित उनके नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में लगी भीषण आग के बारे में पता चलने के एक घंटे के भीतर टिकटें बुक कर ली थी। जिस समय पुलिस और प्रशासन आग बुझाने तथा कर्मचारियों को बचाने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान ये दोनों रविवार तड़के इंडिगो की एक उड़ान से भारत से रवाना हो गए। गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से संपर्क किया था।

पढ़ें- डेढ़ घंटे के अंदर लूथरा भाइयों ने बुक कर ली थी थाईलैंड की टिकट

(भाषा के इनपुट के साथ)