गोवा विधायक बाबूश मोनसेराटे पर एक नाबालिग नेपाली लड़की को खरीदने और उससे दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि विधायक पर मानव तस्करी का केस चलाया जाएगा। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि विधायक ने आरोपों से इनकार किया है।
16 वर्षीया नेपाली लड़की ने पुलिस को बताया कि उसे उसकी सौतेली मां ने बेच दिया। विधायक मोनसेराटे ने उसे नशीला पदार्थ पिलाया और अपने बंगले में उससे रेप किया। बच्चों को बचाने की संस्था से लड़की ने कहा,’अगले दिन सुबह जब मैं उठी तो मेरे शरीर पर कपड़े नहीं थे। मेरे शरीर पर खून लगा हुआ था। वह कपड़े पहने हुए मेरे पास बैठा हुआ था।’ लड़की को अभी बाल गृह में रखा गया है।
मोनसेराटे पूर्व में शिक्षा मंत्री थे और कांग्रेस से जुड़े हुए थे। बाद में कांग्रेस ने उन्हें निकाल दिया था। अभी वे निर्दलीय विधायक हैं। उन्होंने कहा कि उन पर दर्ज एफआईआर साजिश का हिस्सा है। विधायक ने कहा,’मैंने लड़की को मेरे हॉलमार्क स्टोर में काम के लिए रखा था। उसके माता-पिता मेरे पास नौकरी के लिए आए थे। लेकिन उसने कैश काउंटर से पैसे चुराए। इस पर मैंने उसे निकाल दिया। उसकी शिकायत झूठी है। उसके साथ मेरे इंटीमेट होने का सवाल ही नहीं उठता।’ मोनसेराटे के बेटे रोहित पर भी एक जर्मन लड़की से रेप का आरोप लग चुका है। हालांकि बाद में वे इस आरोप से बरी हो गए।