जी-20 शिखर सम्मलेन दिल्ली में जारी है। आज आखिरी दिन है और कई देशों के प्रमुख शाम तक लौट जाएंगे। इस दौरान राजधानी दिल्ली में बारिश भी लगातार हो रही है। बारिश के रहते दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें दावा किया गया है कि भारत मंडपम के एक हिस्से में भी बारिश के रहते पानी भर गया है। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह अरबों रुपए की बर्बादी का नजारा है। हालांकि सोशल मीडिया पर किए जा रहे इस दावे का PIB ने फ़ैक्ट चेक किया है, जिसमें कहा गया है कि यह दावा झूठा है।

कांग्रेस की ओर से क्या कहा गया? 

G20 समिट को लेकर सामने आ रही अलग-अलग प्रतिक्रियाओं में कांग्रेस ने भारी बारिश के बीच भारत मंडपम का एक वीडियो साझा करते हुए एक्स (Twitter) पर लिखा है,”खोखले विकास की पोल खुल गई. G-20 के लिए भारत मंडपम तैयार किया गया. 2700 करोड़ रुपए लगा दिए गए. एक बारिश में पानी फिर गया।” 

PIB का फ़ैक्ट चेक

PIB ने X पर एक पोस्ट कर इस दावे को खारिज कर दिया है। पोस्ट में लिखा गया है,”एक वीडियो में दावा किया गया है कि G20 Summit के आयोजन स्थल पर जलभराव हो गया है। यह दावा अतिशयोक्तिपूर्ण और भ्रामक है, रात भर की बारिश के बाद पंपों को चालू करने के कारण खुले क्षेत्र में मामूली जलजमाव को तेजी से साफ कर दिया गया था। वर्तमान में कार्यक्रम स्थल पर कोई जल जमाव नहीं है।

आज भी जारी रहेगी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली के कई हिस्सों में आज भी बारिश जारी रहेगी।

दिल्ली भारी बारिश के बाद जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडप में पानी भर जाने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ट्विटर पर बाढ़ग्रस्त स्थल का दृश्य साझा करते हुए, जिसमें लोगों को आयोजन स्थल से पानी निकालने का काम करते हुए भी दिखाया गया है युवा कांग्रेस प्रमुख श्रीनिवास बी.वी. ने केंद्र पर कटाक्ष करते हुए कहा,’विकास तैर रहा है’

भारत मंडपम को बनाने में 2,700 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। भारत मंडपम में बना फ़ूड हॉल और मीटिंग रूम 10 लाख स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। इसका एग्जिबिशन एरिया 16 लाख स्क्वायर फीट में फैला हुआ है।

भारत मंडपम कॉम्प्लेक्स में 13 हजार लोगों के बैठने की सुविधा की गई है। वहीं पार्किंग एरिया में एक साथ 5 हजार गाड़िया पार्क करने की सुविधा है। इसमें एक बार में 10 हजार लोगों के लिए खाना बनाया जा सकता है। भारत मंडपम के इंटीरियर में हर राज्य की कलाकृति का इस्तेमाल किया गया है। भारत मंडपम में कश्मीर और भदोही के कालीन लगाए गए हैं।