Modi Cabinet Reshuffle: केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी मोदी कैबिनेट से इस्तीफा दे सकते हैं। वह कैबिनेट बैठक में भी शामिल नहीं हुए हैं। जी किशन रेड्डी मोदी सरकार में केंद्रीय संस्कृति मंत्री का पद संभाल रहे हैं। बीजेपी ने उन्हें तेलंगाना का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। सूत्रों का कहना है कि कुछ ही देर में वह इस्तीफा दे सकते हैं। वह तेलंगाना में बंडी संजय कुमार की जगह लेंगे। वह करीमनगर से सांसद हैं। सूत्रों ने कहा कि बंडी संजय कुमार को केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में शामिल किए जाने की संभावना है।
जल्द होने वाला है मंत्रिमंडल विस्तार
बता दें कि मोदी कैबिनेट का जल्द विस्तार होने वाला है। इसमें कई नए चेहरों को जगह दी जा सकती है। सूत्रों का कहना है कि मौजूदा कैबिनेट से कई मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। महाराष्ट्र के ताजा सियासी घटनाक्रम के बाद माना जा रहा है कि कुछ चेहरों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इनमें प्रफुल्ल पटेल और देवेन्द्र फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक आज शाम प्रह्लाद पटेल और ज्योतिरादित्य सिंधिया की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात होने वाली है।
कई राज्यों में बदले गए प्रदेश अध्यक्ष
बीजेपी ने मंगलवार को कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए। सुनील जाखड़ को पंजाब का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वह अश्विनी शर्मा की जगह लेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों की बदलाव की सूचना राष्ट्रीय महासचिव और हेडक्वार्टर इंचार्ज अरुण सिंह ने जारी की। सुनील जाखड़ पहले कांग्रेस में थे। वे कुछ समय पहले ही पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वे कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रहे बलराम जाखड़ के बेटे हैं। काफी समय से यह चर्चा चल रही थी कि उन्हें प्रदेश भाजपा का मुखिया बनाया जा सकता है। फिलहाल पार्टी ने चार राज्यों के मुखिया बदले हैं। इनमें पंजाब के अलावा झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं। पार्टी ने बाबूलाल मरांडी को झारखंड, पी पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश, जी किशन रेड्डी को तेलंगाना की जिम्मेदारी दी है।