पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत पर शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक उनकी तबीयत अचानक ज़्यादा खराब हो जाने के बाद आनन-फानन में पालम एवेन्यू स्थित आवास अस्पताल ले जाया गया। उन्हें मेकैनिकल वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। साल 2000 से 2011 तक बंगाल के मुख्यमंत्री रहे बुद्धदेव भट्टाचार्य कुछ समय से सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी बीमारी) और उम्र संबंधी अन्य बीमारियों से जूझ रहे हैं।
अस्पताल ने क्या कहा
अस्पताल के एक अधिकारी ने मीडिया से कहा, ‘‘बुद्धदेव भट्टाचार्य को सांस लेने में काफी तकलीफ है और यह बहुत ज़्यादा बढ़ जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन, एंटीबायोटिक्स और अन्य जीवन स्वास्थ्य निगरानियों के तहत ट्रीट किया जा रहा है।
सभी ज़रूरी जांच कर ली गई है और रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर है। उनका ऑक्सीजन लेवल गिरकर 70 फीसदी पर पहुंच गया है और वह बेहोश हो गये है। उनकी निगरानी के लिए एक हृदय रोग विशेषज्ञ और एक फुफ्फुसीय रोग विशेषज्ञ (पल्मोनोलॉजिस्ट) सहित वरिष्ठ चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई है।
परिवार अस्पताल में मौजूद
उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्य और बेटी सुचेतना भट्टाचार्य दोनों ही अस्पताल में मौजूद हैं। भट्टाचार्य अपने खराब स्वास्थ्य के कारण पिछले कुछ वर्षों से सार्वजनिक जीवन से दूर हैं। उन्होंने 2015 में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो और केंद्रीय समिति से इस्तीफा दे दिया था और 2018 में राज्य सचिवालय की सदस्यता छोड़ दी थी।
राज्यपाल अस्पताल पहुंचे
बुद्धदेव भट्टाचार्य के भर्ती होने के तुरंत बाद बंगाल के राज्यपाल डॉ सी.वी आनंद बोस अस्पताल गए और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति को समझने के लिए चिकित्सकों और भट्टाचार्य की पत्नी तथा बेटी से बात की। राज्यपाल ने भट्टाचार्य के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
राज्यपाल डॉ सी.वी आनंद बोस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मुझे यह सुनकर बहुत चिंता और दुख हुआ है कि बुद्धदेवजी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे। हम इसके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वह एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने लंबे समय तक राज्य का नेतृत्व किया है। हम सभी उनका सम्मान करते हैं।’’ भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, माकपा के वरिष्ठ नेता राबिन देब और अन्य नेता भी भट्टाचार्य के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए अस्पताल गए।