केरल से लापता चल रहे 15 मुसलमानों में से 5 ऐसे हैं, जिन्होंने साल भर पहले ही हिंदू या ईसाई धर्म छोड़कर इस्लाम कबूला था। इस बीच, इंटेलिजेंस के सूत्रों ने बताया कि गायब लोगों में से एक अफगानिस्तान में हैं, जबकि दूसरा भारत में ही छिपा हुआ है। लापता चल रहे पांच शादीशुदा कपल्स ऐसे हैं, जो पहले या तो हिंदू थे या ईसाई।
इनमें से एक है निमिषा उर्फ फातिमा। वह तिरुअनंतपुरम के एक हिंदू परिवार से ताल्लुक रखती है। कैसरगढ़ जिले में एक डेंटल कॉलेज में पढ़ने वाली निमिषा ने पिछले साल नवंबर महीने में ही इस्लाम कबूल किया था। एक अन्य का नाम मर्लिन उर्फ मरियम है, जो कोच्चि की रहने वाली है। वो ईसाई थी, जिसने पिछले साल इस्लाम कबूल कर लिया था। वो मुंबई में आईबीएम कंपनी में काम करती थी। निमिषा और मर्लिन की शादी ईसा और याहिया नाम के भाइयों से हुई थी। दोनों भाई पलक्कड़ के रहने वाले हैं। ये दोनों भी ईसाई से मुस्लिम बने थे। उनके पिता का नाम विंसेंट है। उन्होंने गुमशुदा लोगों की शिकायत दर्ज कराई है। एक अन्य लापता का नाम सोनिया उर्फ आयशा है। वो एक इंजीनियरिंग स्टूडेंट है, जो अपने इंजीनियर पति अब्दुल रशीद और दो साल की बेटी के साथ लापता है। आयशा भी ईसाई है, जिसने साल भर पहले ही इस्लाम कबूल किया था।