श्री अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भवगती नगर स्थित यात्री निवास से कश्मीर के लिए रवाना हुआ। पहले जत्थे को शुक्रवार देर शाम तक कश्मीर में यात्रा के आधार शिविर बालटाल (गांदरबल) और पहलगाम के नुनवन (अनंतनाग) पहुंचने की संभावना है। पहली बार यात्रा के दौरान भूस्खलन वाली जगहों से गुजरते वक्त पत्थरों से बचने के लिए हेलमेट दिए जा रहे हैं।
शनिवार, एक जुलाई को दोनों आधार शिविरों से श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा की तरफ रवाना किया जाएगा और यात्रा प्रारंभ हो जाएगी। इस बार भी श्रद्धालुओं को जम्मू में जत्थे में शामिल हुए बिना सीधे कश्मीर की तरफ यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी। 62 दिन की यह यात्रा 31 अगस्त को संपन्न होगी।
जम्मू से सुबह साढ़े चार बजे रवाना होने वाले श्रद्धालुओं के काफिले में सबसे आगे सुरक्षाकर्मियों की टुकड़ी शामिल है। जत्थे के साथ और उनके पीछे भी सुरक्षाकर्मियों के वाहन रवाना हुए। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों के गुजरने के दौरान हाईवे आम यात्रियों के लिए बंद रहेगा। वहीं, गुरुवार को दिनभर देशभर से श्रद्धालुओं का जम्मू पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
यात्री निवास में देर शाम तक करीब तीन हजार श्रद्धालु पहुंच चुके थे। श्रद्धालुओं के आने से पूरा माहौल शिवमय हो गया है। शाम को श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा व उत्साह के साथ भगवान शिव की आरती में हिस्सा लिया। देर शाम को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी यात्री निवास का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया।