केंद्र सरकार द्वारा लाये गए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली से सटे बार्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है। इसी बीच किसानों ने हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का हेलीपैड फावड़े से खोद दिया है। जींद जिले के उचाना में किसानों ने चौटाला के आने से पहले बनाए गए हेलीपैड को फावड़े से खोद डाला और ‘दुष्यंत चौटाला गो बैक’ के नारे भी लगाए।

किसानों का आक्रोश देखते हुए दुष्यंत चौटाला ने अपना दौरा रद्द कर दिया। किसानों का कहना है कि जब तक दुष्यंत चौटाला किसानों का समर्थन नहीं करते तब तक उन्हें इस क्षेत्र में घुसने नहीं देंगे। किसानों ने उनसे उनके इस्तीफे की भी मांग की है। किसानों का कहना है कि चौटाला इस्तीफा देकर किसानों के बीच में आएं। उन्होंने कहा कि यहां जो भी नेता आएगा उसका इसी तरह विरोध किया जायगा। इससे पहले किसानों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के काफिले को रोक कर काले झंडे दिखाए थे और लाठियां भी चलाई थीं।

जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने 13 किसानों के खिलाफ अटेंप्ट टू मर्डर और दंगा फैलाने सहित कई आरोपों में केस दर्ज किया गया है। हरियाणा पुलिस ने विभिन्न मामलों में 13 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें हत्या के प्रयास और दंगे से जुड़े आरोप शामिल हैं। मंगलवार को प्रदर्शनकारी किसानों के एक समूह ने खट्टर को काले झंडे दिखाए, जब उनका काफिला अंबाला शहर से गुजर रहा था। कुछ किसानों ने खट्टर के काफिले को कथित तौर पर रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कुछ समय बाद मुख्यमंत्री को एक सुरक्षित मार्ग पर ले जाने में कामयाब रही।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 307 (हत्या का प्रयास), 147 (दंगा का प्रयास), 506 (आपराधिक धमकी), 148 (हथियार से मारपीट), 322 (जानबूझ कर चोट पहुंचाना), 149 ( अवैध सभा) और सेक्शन 353 के तहत मामला दर्ज किया है।