बिहार विधानसभा चुनाव के पांचवें और आखिरी चरण का मतदान गुरुवार को खत्म हो गया। पांचवें फेज में 59.64 फीसदी वोटिंग हुई। अब 8 नवंबर को नतीजों का इंतजार है। लेकिन, इससे पहले अलग-अलग चैनलों के एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। पिछले कई चुनावों की सटीक भविष्यवाणी करने वाले टुडेज चाणक्या ने एनडीए को 155 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। इसके मुताबिक नीतीश के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 85 सीटें मिलेंगी।
बाकी बता रहे कांटे की टक्कर: अन्य चैनलों के एग्जिट पोल में एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। आज तक सिसेरो ने एनडीए को 113-127 और महागठबंधन को 111-123 सीटें दी हैं। वहीं, इंडिया टीवी सी-वोटर ने एनडीए को 101-121, महागठबंधन को 112-132 और अन्य को 6 से 14 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
एबीपी-नील्सन का सर्वे:
एबीपी ने फेज वाइज़ सर्वे किया है। सर्वे के अनुसार एनडीए को 108, महागठबधंन को 130 और अन्य को 5 सीटें मिलने का अनुमान है।
फेज 1: एनडीए 22, महागठबंधन 25 , अन्य 2
फेज 2 : एनडीए 16, महागठबंधन 16, अन्य 0
फेज 3: एनडीए 13, महागठबंधन 37, अन्य: 0
फेज 4: एनडीए 33, महागठबंधन 20, अन्य 2
टाइम्स नाउ-सी वोटर्स ने एनडीए, महागठबंधन और अन्य को क्रमश: 111, 122 और 10 सीटें दी हैं।
न्यूज नेशन ने अपने सर्वे में एनडीए को 115-119, महागठबंधन को 120-124 और अन्य को 3-5 सीटें दी हैं।
न्यूज एक्स- सीएनएक्स के एग्जिट पोल में एनडीए की हार दिखाई गई है। इसमें भाजपा और उसके सहयोगियों को 90-100, नीतीश खेमे को 130-140 और अन्य को 13-23 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
4 फीसदी ज्यादा वोटिंग
बिहार में इस बार कुल 56.47% वोटिंग हुई। 2010 में मतदान का प्रतिशत 52.67 था। इस बार लगभग 4% वोटिंग ज्यादा हुआ है। ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के कॉन्ट्रिब्यूटिंग एडिटर सुरजीत एस भल्ला का आकलन है कि एनडीए को जीतने के लिए उसके पक्ष में चार फीसदी वोटों का स्विंग होना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं हुआ और 1980 से चला आ रहा एक ऐतिहासिक चलन नहीं बदला तो एनडीए की सीटें 50 से ऊपर जाना भी मुश्किल हो जाएगा। पढ़ें- सुरजीत एस. भल्ला का विश्लेषण।
किस फेज में कितनी वोटिंग
पहला 57% – 2010 की तुलना में 6.15% ज्यादा
दूसरा 55%- 2010 की तुलना में 3% ज्यादा
तीसरा 53% – 2010 की तुलना में 3.25% ज्यादा
चौथा 58%- 2010 की तुलना में 3% ज्यादा
पांचवां 59.64%

