नयी दिल्ली: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों के एक्जिट पोल के नतीजों में आज भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरती हुई और बहुमत से थोड़ी ही पीछे दिखाई दे रही है।
गठबंधन टूटने से पहले महाराष्ट्र में 15 साल तक राज करने वाली कांग्रेस और राकांपा को भारी नुकसान का अनुमान जताया गया है वहीं शिवसेना को राज्य में दूसरे सबसे बड़े दल के तौर पर पेश किया गया है।
हालांकि ‘टुडेज चाणक्य’ के एक्जिट पोल में भाजपा को महाराष्ट्र और हरियाणा दोनों जगह स्पष्ट बहुमत मिलने की बात कही गयी है। न्यूज 24 चैनल पर प्रसारित इस सर्वेक्षण के अनुसार महाराष्ट्र में भाजपा को 151 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत बताया गया है वहीं शिवसेना को 71 सीटें मिलने की संभावना है। एक्जिट पोल के नतीजों में कांग्रेस को 27, राकांपा को 28 और मनसे को 11 सीटें मिलने का दावा किया गया है।
इसी एक्जिट पोल में हरियाणा में भाजपा को कुल 90 में से 52 सीटों के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ता दिखाया गया है। इनेलो के 23 सीटों के साथ दूसरा सबसे बड़ा दल होने की संभावना है। वहीं कांग्रेस को 10 और बाकी दलों को पांच सीटें मिल सकती हैं।
महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार भाजपा सरकार बनाने के नजदीक बताई जा रही है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमकर प्रचार में भाग लिया और 27 रैलियों को संबोधित किया।
टाइम्स नाउच्च् और जी न्यूज चैनल पर प्रसारित सी-वोटर एक्जिट पोल के नतीजों के अनुसार भाजपा को महाराष्ट्र में 288 में से 129 सीटें मिल सकती हैं वहीं पूर्व सहयोगी शिवसेना के खाते में 56 सीटें आने का अनुमान लगाया गया है।
यह सर्वेक्षण कांग्रेस को 43, राकांपा को 36, मनसे को 12 और अन्य दलों को 12 सीटें मिलने की संभावना जता रहा है।
निवर्तमान विधानसभा में भाजपा के पास केवल 47 सीटें थीं और शिवसेना के 45 विधायक थे। कांग्रेस के 82, राकांपा के 62 और मनसे के 12 विधायक थे।
एबीपी न्यूज चैनल के लिए एसी नील्सन के एक्जिट पोल में महाराष्ट्र में भाजपा को 127 सीटें, शिवसेना को 77, कांग्रेस को 40, राकांपा को 34 और मनसे को पांच सीटें मिलने का अंदाज लगाया गया है।
इंडिया टीवी पर प्रसारित एक्जिट पोल के नतीजों में भाजपा को 124 से 134 सीटें, शिवसेना को 51 से 61 सीटें, कांग्रेस को 38 से 48 सीटें, राकांपा को 31 से 41 सीटें, मनसे तथा अन्य को 9 से 15 सीटें मिलने का दावा किया गया है।
हरियाणा में पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को महज चार सीटों से संतोष करना पड़ा था। इसमें कांग्रेस के 40, इनेलो के 31 और हरियाणा जनहित कांग्रेस के छह विधायक थे।
इस राज्य में सी-वोटर के एक्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 37, इनेलो को 28, कांग्रेस को 15, एचजेसी को छह और अन्य को चार सीटें मिल सकती हैं। एसी-नील्सन से भाजपा को 46, कांग्रेस को 10, इनेलो को 29, एचजेसी को दो और अन्य को तीन सीटें दी गयी हैं।
दोनों राज्यों में मतगणना 19 अक्तूबर को होगी।