अमेरिका में रहने वाली महिला पत्रकार पल्लवी गोगोई द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर लगे यौन शोषण के आरोपों पर उन्होंने शुक्रवार (दो नवंबर) को बयान जारी कर सफाई दी। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अकबर ने कहा है कि उनके और पल्लवी के बीच आपसी सहमति से संबंध बने थे, जबकि अकबर की पत्नी मल्लिका भी उनके बचाव में आई हैं। उन्होंने पति पर आरोप लगाने वाली महिलाओं की मंशा पर सवालिया निशान लगाए हैं। पल्लवी वर्तमान में नेशनल पब्लिक रेडियो (एनपीआर) में कार्यरत हैं और वह एशियन ऐज अखबार में ओपेड पेज की संपादक रह चुकी हैं।
आपको बता दें कि #MeeToo अभियान के तहत अकबर पर करीब 20 महिला पत्रकारों ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक पहुंचा, जिसके बाद उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ गया था। हालांकि, उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया था। वह इस संबंध में कानूनी मदद भी ले रहे हैं।
ताजा मामले में अकबर ने कहा, “29 अक्टूबर को वॉशिंगटन पोस्ट ने मेरे वकीलों को गूढ़ और गैर विशिष्ट प्रश्न भेजे थे। ये सवाल करीब 23 साल पहले हुई एक घटना के संबंध में भेजे गए थे। ये आरोप पूरी तरह से झूठे थे और मैंने उनसे पूरी तरह से इंकार भी किया था। 2 नवंबर 2018 को वॉशिंगटन पोस्ट ने मिस पल्ल्वी गोगोई की लिखी हुई एक रिपोर्ट प्रकाशित की। इस रिपोर्ट में मेरे खिलाफ रेप और हिंसा के झूठे आरोप लगाए गए थे। मैंने इस आर्टिकल को पढ़ा है और अब ये जरूरी हो गया है कि इस वक्त में मैं कई तथ्यों को उजागर करूं।”
Former Union Minister #MJAkbar in a statement to ANI denies rape allegations levelled against him by journalist Pallavi Gogoi in Washington Post. pic.twitter.com/RqWYuQycgu
— ANI (@ANI) November 2, 2018
पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने एएनआई को बताया,” साल 1994 के आसपास, मिस पल्ल्वी गोगोई और मैं कई महीनों तक आपसी सहमति से रिलेशनशिप में थे। बाद में इस रिलेशनशिप में विवाद बढने लगे और इससे मेरा पारिवारिक जीवन भी संकट में पड़ने लगा। हमने आपसी सहमति से बना ये रिश्ता समाप्त कर दिया लेकिन उसका अंत अच्छा नहीं था। जो लोग मेरे साथ काम करते थे और हम दोनों को जानते हैं, उन्होंने कहा है कि जो मैंने ऊपर कहा है उसे स्वीकार करते हुए उन्हें खुशी होगी। हम दोनों को जानने वाला कोई एक भी शख्स ये नहीं कहेगा कि किसी भी वक्त में पल्लवी गोगोई तनाव में काम कर रहीं थीं।”
I don’t know Pallavi’s reasons for telling this lie, but a lie it is: #MJAkbar‘s wife Mallika Akbar to ANI on journalist Pallavi Gogoi’s rape allegations in the Washington Post against her husband pic.twitter.com/SFws1TwWhx
— ANI (@ANI) November 2, 2018
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका ने भी वॉशिंगटन पोस्ट में अकबर पर लगाए गए आरोपों के संबंध में समाचार एजेंसी एएनआई को अपना बयान जारी किया है। मल्लिका अकबर ने कहा,” मैं नहीं जानती हूं कि पल्लवी के झूठ बोलने का कारण क्या है, लेकिन झूठ, झूठ ही होता है। मैं इस पूरे वक्त में खामोश थी क्योंकि मेरे पति एमजे अकबर के खिलाफ ‘me too’ अभियान के तहत आरोप लगाए जा रहे थे। हालांकि, वॉशिंगटन पोस्ट में पल्लवी गोगोई के द्वारा लिखे गए आर्टिकल में ये आरोप लगाया गया था कि अकबर ने उनके साथ रेप किया था। इस आरोप ने मुझे आगे आने के लिए बाध्य किया क्योंकि जो मैं जानती हूं वो सच है।”
मल्लिका अकबर ने एएनआई से कहा,” करीब 20 साल पहले पल्लवी गोगोई की वजह से हमारे घर में नाखुशी और तनाव पैदा हुआ था। मुझे पता चला था कि मेरे पति उससे फोन कॉल्स पर बातें किया करते थे। वह भी मेरी मौजूदगी में मेरे पति से लगाव दिखाया करती थीं। उनके रिश्ते के इस झुकाव ने मेरे पूरे परिवार की भावनाओं को आहत किया था। हमारे घर में होने वाली एशियन एज की पार्टियों में, जिसमें कई युवा पत्रकार भी शामिल होते थे। मैं अपमान और दर्द के साथ उन्हें साथ में डांस करते हुए देखती रहती थी। मैंने उस वक्त में अपने पति का सामना किया और उन्होंने परिवार को प्राथमिकता देने का फैसला किया।”
मल्लिका ने अपने बयान में कहा,” तुशिता पटेल और पल्लवी गोगोई अक्सर हमारे घर आती थीं। वह हमारे साथ खाना खाती और शराब पीती थीं। मैंने कभी भी उन्हें यौन उत्पीड़न के दर्द से पीड़ित नहीं पाया। मैं नहीं जानती कि पल्लवी के झूठ बोलने का कारण क्या है लेकिन झूठ फिर भी झूठ ही होता है।”