Election Commission of India (ECI), Maharashtra and Haryana Election Result 2019 Highlights: हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के नतीजे आ चुके हैं। चुनाव आयोग (EC) के आंकड़ों के अनुसार, 90 सीटों वाले हरियाणा में BJP को 40 सीटें मिली हैं, जबकि Congress को 31 सीटें हासिल हुईं। वहीं, दुष्यंत चौटाला की JJP को 10 और अन्य को भी 10 सीटें मिलीं।
महाराष्ट्र में इस बार के महासंग्राम में बीजेपी को 105, शिवसेना को 56, NCP को 54, INC को 44 और MNS को 1 सीट हासिल हुई। महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना ने यह चुनाव मिल कर लड़ा था और वे दोनों मिलकर सरकार बनाएंगी।
यहां देखें नतीजे – हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2019
हालांकि, CM कौन होगा? यह फिलहाल तय नहीं हुआ है, पर माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद के लिए दोनों दल में डील 50-50 फॉर्म्युले पर हुई है। यानी शिवसेना ने साफ कर दिया है कि वह अब छोटी भूमिका से संतुष्ट नहीं होने वाली है।
By-Election Results 2019 Highligts: यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों के By-Election Results

Highlights
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में भाजपा ने 72 सीटें जीती हैं, जबकि उसके सहयोगी शिवसेना ने 47 सीटें जीती हैं। कांग्रेस 31 सीट और एनसीपी 43 जीतने में सफल रही है।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक बीजेपी को 26 सीटों पर जीत मिल चुकी है जबकि 14 सीटों पर पार्टी ने बढ़त बनाई है। वहीं कांग्रेस को 20 सीटों पर जीत मिली है और 11 पर कांग्रेस को बढ़त हासिल है।

कांग्रेस के पूर्व नेता अशोक तंवर का कहना है कि दुष्यंत चौटाला हरियाणा के अगले सीएम होंगे। तंवर ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने बीजेपी और कांग्रेस को नकार दिया है।दोनों पार्टियों को दुष्यंत चौटाला को समर्थन देना चाहिए और उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहिए।
गुजरात उपचुनाव में अल्पेश ठाकोर को हार का सामना करना पड़ा है।
हरियाणा में किसी भी दल को सरकार बनाने के लिए स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के आसार के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने गैर भाजपा पार्टियों से कांग्रेस से हाथ मिलाने की गुरुवार को अपील की। हुड्डा ने रोहतक में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह जनादेश भाजपा के खिलाफ है। भाजपा को दूर रखने के लिए जजपा, इनेलो, निर्दलीय सहित अन्य को कांग्रेस से हाथ मिलाना चाहिए।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस ने जजपा प्रमुख दुष्यंत चौटाला को मुख्यमंत्री पद की पेशकश की है, उन्होंने कहा कि इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री रोहतक जिले के गढ़ी सांपला-किलोई में भारी मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वादों को पूरा नहीं कर पाने और काम नहीं करने के कारण लोगों ने भाजपा के खिलाफ जनादेश दिया है। उन्होंने गैर भाजपा पार्टियों से कांग्रेस से हाथ मिलाने की अपील की और भरोसा दिलाया कि उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा।
हरियाणा और महाराष्ट्र में आज विधानसभा चुनाव के नतीजे आने हैं। सुबह से वोटों की गिनती जारी है, जबकि रुझान भी आ रहे हैं। 90 विस सीटों वाले सूबे में बीजेपी को 39-41 सीटें मिलने के आसार हैं, जिसके बाद दोपहर को सूत्रों के हवाले से खबर आई कि हरियाणा बीजेपी चीफ ने इस प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की है।
मीडिया में खबरें आने के बाद जब कुछ देर बाद पत्रकारों ने बराला से इस बाबत सवाल किए तो उन्होंने साफ कहा कि ये सब फर्जी खबरें हैं। बकौल बराला, "मैंने इस्तीफा नहीं दिया है और जो खबरें आई हैं, वे महज अफवाह हैं।"
दोपहर करीब तीन बजे तक Election Commission के आधिकारिक रुझानों में बताया गया कि महाराष्ट्र में बीजेपी ने पांच सीटें जीत ली हैं, जबकि वह 97 सीटों पर बढ़त लिए है। शिवसेना ने भी पांच सीट जीती हैं और वह 55 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, NCP एक सीट जीत चुकी है और 54 सीटों पर वह बढ़त लिए है। इसी बीच, कांग्रेस के 44 सीटों पर आगे चलने की उम्मीद है।
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर यूजर्स को सबसे पहले जनरल इलेक्शन टू स्टेट लेजेस्लेटिव एसेंबली अक्टूबर-2019 का विकल्प दिखेगा। जिस पर क्लिक कर यूजर जिस पेज पर पहुंचेंगे। वहां राज्य और विधानसभा सीट सलेक्ट कर सटीक नतीजे देख सकेंगे।
कांग्रेसी नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि आज लोगों ने साफ कर दिया है कि वे खट्टर सरकार को उखाड़ फेंकना चाहते हैं। बकौल हुड्डा, "मैं JJP नेता और अन्य दलों के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या वे साथ आएंगे और सूबे में गठबंधन की सरकार बनाएंगे, ताकि लोगों के जनादेश का सम्मान हो सके।"
हरियाणा के वित्त मंत्री और हिसार की नारनौंद सीट से बीजेपी कैंडिडेट कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि ताजा रुझानों के मुताबिक, मुझे लगता है कि जनादेश JJP के पक्ष में है और हम उसका सम्मान करते हैं। इसी बीच, बीजेपी की बबीता फोगाट भी दादरी सीट से 1410 वोटों से पीछे चल रही हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में वोटों की गिनती फिलहाल जारी है। हालांकि, कुछ सीटों पर नतीजे आ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी के टिकट पर लड़े जाने-माने पहलवान योगेश्वर दत्त और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि बहुमत न मिलने की स्थिति के मद्देनजर हरियाणा बीजेपी चीफ सुरेश बराला का इस्तीफा आ गया है।
महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए डाले गए मतों की गणना बृहस्पतिवार को जारी है और महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन फिर से सत्ता में लौटने की ओर बढ़ता दिख रहा है जबकि हरियाणा में भाजपा या कांग्रेस में से किसी को भी अभी तक बहुमत मिलता नहीं दिख रहा। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों में से भाजपा 101 सीटों पर आगे चल रही है और उसकी सहयोगी शिवसेना 64 सीटों पर आगे है। कांग्रेस को 40 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 50 सीटों पर आगे है। इसके अलावा 16 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं।
भाजपा ने 2014 में इस राज्य में 122 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि शिवसेना को 63, कांग्रेस को 42 और राकांपा को 41 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, हरियाणा में किसी दल को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा। भाजपा 38 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस 29 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने पर दुष्यंत चौटाला सरकार बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं क्योंकि उनकी जननायक जनता पार्टी 11 सीटों पर आगे है।
हरियाणा में वोटों की गिनती और रुझान आने के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और हरियाणा कांग्रेस के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंदर सिंह हुड्डा रोहतक स्थित कांग्रेस के दफ्तर पहुंचे।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती और रुझान आने के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से JJP नेता दुष्यंत चौटाला को डिप्टी सीएम का पद ऑफर किया जा सकता है। इसी पर मीडिया ने जब गुरुवार को चौटाला से सवाल किए, तो उन्होंने कहा- मेरी किसी से बात नहीं हुई है। आखिरी परिणाम आने के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के रुझानों पर बीजेपी के सीनियर नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि कहीं न कहीं चुनावी रणनीति को लेकर उन लोगों का प्रबंधन फिट बैठा है। हरियाणा में इसी वजह से उन लोगों की सरकार बनेगी।
हरियाणा चुनाव के शुरुआती रूझानों में सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला दिख रहा है। सूबे की 90 विधानसभा सीटों में से 38 पर भाजपा आगे चल रही है जबकि 27 निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिल रही है। जननायक जनता पार्टी 11 सीटों पर आगे चल रही है। इंडियन नेशनल लोक दल दो सीटों पर जबकि लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी एक सीट पर आगे चल रही है।
सीएम खट्टर करनाल सीट से कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी तरलोचन सिंह से 7,047 मतों से आगे चल रहे हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता भुपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के नेता सतीश नांदल से 8,505 मतों से आगे चल रहे हैं।
कांग्रेस के नेता कुलदीप बिश्नोई आदमपुर सीट पर भाजपा की सोनाली फोगाट से 10,000 मतों से आगे चल रहे हैं। उनके भाई कांग्रेस के उम्मीदवार चंद्र मोहन पंचकुला सीट से भाजपा के विधायक ज्ञान चंद गुप्ता से महज 29 मतों से आगे चल रहे हैं। सोनीपत की बरोदा सीट से भाजपा के योगेश्वर दत्त कांग्रेस के श्री कृष्ण हुड्डा से 430 मतों से आगे चल रहे हैं।
समाचार एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज सुबह पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व CM भूपिंदर सिंह हुड्डा से संपर्क किया है। उन्होंने हुड्डा से ताजा राजनीतिक हलचल की जानकारी ली है और सरकार बनाने के संबंध में पूछा है।
हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में मतगणना और चुनाव रुझान आने के बीच राजनीतिक हलचलें तेज हैं। खबर है कि भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को दिल्ली बुला लिया है। अब तक के रुझानों में वह आगे चल रहे हैं। इसी बीच, कुमारी शैलजा से सीनियर कांग्रेसी नेता अहमद पटेल ने भेंट की है। बीजेपी और कांग्रेस में इस वक्त होने वाली इन मुलाकातों के कई मायने निकाले जा रहे हैं। वहीं, रुझान यह भी बता रहे हैं कि महाराष्ट्र में बीजेपी के छह मंत्री पीछे चल रहे हैं।
दोनों ही राज्यों के चुनावी रुझान जैसे-जैसे आ रहे हैं। वैसे-वैसे तस्वीर साफ होती दिख रही है। सुबह 11 बजे तक आए रुझानों में बताया गया कि महाराष्ट्र में बीजेपी कैंडिडेट Pankaja Munde Parli विस सीट से पीछे चल रही हैं। वहीं, हरियाणा में भगवा पार्टी की तरफ से लड़ रहे पहलवान योगेश्वर दत्त 430 वोटों की बढ़त लिए हैं।
दुष्यंत चौटाला की JJP के रामकुमार गौतम आगे चल रहे हैं, जबकि बीजेपी के कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद सीट पर उनसे पीछे हैं। इसी बीच, चौटाला भी ऊंचा कलां विस सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला कैथल से चुनावी मैदान में हैं और पांचवें चरण की मतगणना के बाद वह आगे चल रहे हैं।
कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व बीसीसीबाई प्रमुख रणबीर सिंह महेंद्र हरियाणा के बाढड़ा निर्वाचन क्षेत्र में पीछे चल रहे हैं, जबकि पूर्व हॉकी कप्तान और भाजपा उम्मीदवार कप्तान संदीप सिंह पेहोवा निर्वाचन क्षेत्र से पीछे आगे चल रहे हैं। बाढड़ा में नैना चौटाला (जननायक जनता पार्टी) भाजपा के सुखविन्द्र से 6677 मतों से आगे चल रही हैं। वहीं, महेंद्र तीसरे नंबर पर हैं।
पेहोवा में संदीप सिंह कांग्रेस के मनदीप सिंह चड्ढा से 878 मतों से आगे चल रहे है। पानीपत शहर में भाजपा के प्रमोद कुमार विज कांग्रेस के संजय अग्रवाल से 10840 मतों से आगे हैं। पुनहाना में कांग्रेस के मोहम्मद इलियास निर्दलीय उम्मीदवार रहीश खान से 4154 मतों से आगे हैं। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना हो रही है।
महाराष्ट्र में Solapur Central से कांग्रेसी कैंडिडेट Praniti Shinde पीछे चल रही हैं। वह पूर्व गृह मंत्री और सीनियर कांग्रेसी नेता सुशील कुमार शिंदे की बेटी हैं।
चूंकि, शुरुआती रुझानों में हरियाणा में किसी को बहुमत नहीं नजर आ रहा है। इसलिए वहां पर सियासी हलचल काफी तेज हो चली हैं। कांग्रेसी सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि त्रिशंकु स्थिति के चलते कांग्रेस, JJP को डिप्टी सीएम का पद ऑफर कर सकती है। हालांकि, सूत्रों ने यह भी कहा कि जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री पद की मांग की है।
Maharashtra Elections 2019: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस चुनाव में नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा से लड़े हैं। दूसरे चरण की मतगणना के बाद वह बढ़त लिए हैं।
Haryana Assembly Elections 2019 में बीजेपी की बबीता फोगाट भी दादरी सीट से आगे चल रही हैं।
Jannayak Janata Party के नेता दुष्यंत चौटाला ने मतगणना के बीच गुरुवार शुरुआती रुझानों को बदलाव की निशानी बताया। जींद में पत्रकारों से उन्होंने कहा- हरियाणा की जनता का प्यार मिल रहा है। यह बदलाव की निशानी है। 75 पार (बीजेपी का टारगेट) तो फेल हो गया। अब यमुना पार करने की बारी है। बता दें कि इस बार के विधानसभा चुनाव के लिए CM खट्टर के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने चुनाव में सूबे की 75 सीटों से अधिक सीटें हासिल करने का लक्ष्य रखा था।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल सीट से चुनावी मैदान में हैं। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, वह पहले चरण की मतगणना के बाद 4588 मतों के साथ आगे चल रहे हैं।
काउंटिंग और रुझानों के बीच हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा है कि बहुमत कांग्रेस को ही मिलेगा। गुरुवार सुबह पत्रकारों ने उनसे रुझानों के आधार पर सवाल किया। पूछा- आप अपने दम पर बहुमत हासिल करेंगे, इस बार आप का जादू चलेगा? उन्होंने इसी पर जवाब दिया, "कांग्रेस को बहुमत मिलेगा।"
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 के शुरुआती ट्रेंड्स की मानें तो वहां त्रिशंकु विधानसभा की आशंका नजर आ रही हैं, क्योंकि किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलता दिख रहा है। बीजेपी भले ही फिलहाल सबसे आगे चल रही हो, मगर उसके पाले में महज 40 सीटें नजर आ रही हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के शुरुआती रुझानों में NDA (बीजेपी + शिवसेना) आगे है। 288 विधानसभा सीटों वाले इस सूबे के ट्रेंड्स में फिलहाल बीजेपी+ 163, कांग्रेस+ 79 और अन्य 25 सीटों पर बढ़त लिए हुए हैं। यानी यहां NDA को बहुमत नजर आ रहा है।
विभिन्न टीवी चैनलों पर रुझानों की मानें तो रुझानों में बीजेपी बढ़त बनाए है। भगवा पार्टी 39-40, कांग्रेस 30-29, जेजेपी 8-9 और चार से पांच सीटों पर आगे चल रही हैं।
भाजपा ने हरियाणा में तीन खिलाड़ियों को मैदान में उतारा हैं जिसमें बबीता फोगाट (दादरी), योगेश्वर दत्त (सोनीपत में बरोडा) और संदीप सिंह (पेहोवा) शामिल हैं। वहीं भाजपा ने टिक टॉक स्टार सोनाली फोगाट को (आदमपुर) से चुनाव मैदान में उतारा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में सात रैलियों को संबोधित किया, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 47 सीटें जीतकर पहली बार सत्ता में आयी थी। भाजपा ने इस वर्ष पहले हुए जींद उपचुनाव भी जीत लिया था जिससे उसकी सीटों की संख्या बढ़कर 48 हो गई थी। इनेलो के 19 विधायक हैं जबकि कांग्रेस के 17 विधायक हैं। पिछले विधानासभा चुनाव में बसपा और शिअद ने एक एक सीटें जबकि पांच सीटें निर्दलीयों ने जीती थीं।
हरियाणा में कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रही है। हरियाणा में कांग्रेस ने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा ने 90 में से 75 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के 1,169 उम्मीदवार हैं चुनाव लड़ रहे।वर्तमान में राज्य विधानसभा में भाजपा के 48 सदस्य हैं। इनेलो से टूटकर बनी दुष्यंत चौटाला की अगुवाई वाली जननायक जनता पार्टी (जजपा) भी लोकसभा में हार के बाद अपनी संभावनाओं में सुधार की उम्मीद कर रही है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा की अगुवाई वाले महागठबंधन अथवा ‘‘महायुति’’ एवं कांग्रेस राकांपा गठबंधन अथवा ‘महा अघाड़ी’ (मोर्चा) के बीच है। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए 235 महिलाओं समेत 3,237 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, हरियाणा में सत्ताधारी भाजपा का मुकाबला विपक्षी कांग्रेस और नयी पार्टी ‘जजपा’ के साथ है।