Eid Ul Fitr 2024: देश की राजधानी दिल्ली और पूरे देश के किसी भी हिस्से में चांद आज मंगलवार को नहीं दिखाई दिया। इसके चलते अब ईद का त्योहार बुधवार नहीं बल्कि गुरुवार को मनाया जाएगा। ऐसे में बुधवार को 11 मार्च को शुरू हुआ रमजान (Ramdan 2024) के महीने का आखिरी यानी 30वां रोजा होगा।
ईद के त्योहार को लेकर यह एलान दिल्ली की जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद शाही इमाम ने औपचारिक तौर पर कर दिया है। फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने कहा है कि दिल्ली समेत देश के किसी भी हिस्से में ईद का चांद नज़र नहीं आया है, इसलिए ईद का त्यौहार बृहस्पतिवार (11 अप्रैल) को मनाया जाएगा।
फतेहपुरी शाही इमाम मुफ्ती ने कहा कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और राजस्थान समेत किसी भी राज्य से चांद दिखने की खबर नहीं मिली है। मुकर्रम ने कहा कि बुधवार को 30वां रोज़ा होगा और शव्वाल (इस्लामी केलेंडर के 10वें महीने) की पहली तारीख बृहस्पतिवार को होगी।
शाही इमाम ने भी किया एलान
इसके अलावा जामा मस्जिद के पूर्व इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा कि देश के किसी हिस्से से शव्वाल यानी ईद-उल-फित्र का चांद दिखने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा है कि हिंदुस्तान के अलग-अलग हिस्सों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल व बिहार में संपर्क किया गया लेकिन कहीं भी चांद नहीं दिखा है। बुखारी ने कहा कि ईद 11 अप्रैल को मनाई जाएगी
कई जगह दो दिन की छुट्टी
गौरतलब है कि कुछ स्कूलों में पहले ही 11 अप्रैल को भी ईद-उल-फितर के लिए छुट्टी का एलान किया गया था। इसके अलावा देश के कई राज्यों में बैंकों का भी यही हाल है। किसी राज्य में एक दिन और कहीं दो दिन (10-11 अप्रैल) भी बैंक बंद रहेंगे।
हालांकि, देश में ईद किस तारीख को मनाई जाएगी। इसकी घोषणा जामा मस्जिद के शाही इमाम पर छोड़ दी गई थी। चांद का दीदार होने के अनुसार उन्होंने अब यह स्पष्ट कर दिया है कि 11 अप्रैल को भारत में ईद मनाई जाएगी।