देश के पूर्वी इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के झटके म्यांमार और देश के पश्चिम बंगाल और आस-पास के क्षेत्र में महसूस किए गए। 6.8 तीव्रता से आए भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश म्यांमार बताया जा रहा है। म्यामांर, पश्चिम बंगाल के साथ साथ असम के गुवाहाटी, झारखंड, बिहार में भी भूंकप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र जमीन से 91 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के बाद जान-माल के नुकसान के कोई भी खबर नहीं है।
कई लोगों का कहना है कि उन्होंने करीब 10 सैकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए थे। जिसके बाद वे अपने घर से निकल गए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचना शुरू हो गए। वहीं कोलकाता में भूकंप की तीव्रता ज्यादा होने की वजह से कई इमारतों को खाली करवा दिया गया। कोलकाता में भूंकप के चलते मेट्रो सेवा रोक दी गई है और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी कर दी गई है। इसी हफ्ते की शुरुआत में भी दिल्ली में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसका केंद्र हरियाणा में था।
इससे पहले सुबह मध्य इटली में 6.2 तीव्रता का भूकंप का झटका आया था। जिसके कारण 37 लोगों की मौत हो गई और पहाड़ पर स्थित दर्जनों गांव तबाह हो गए। भूकंप का केंद्र अंब्रिया के नोर्शिया शहर के पास था। प्रत्यक्षदर्शियों ने इतालवी मीडिया को बताया कि तेज झटकों के कारण इसके आसपास की कई इमारतें ढह गईं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। ये झटके इतने तेज थे कि भूकंप के केंद्र से लगभग 150 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मध्य रोम के निवासी जाग गए।