नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। डीजीसीए ने एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। डीजीसीए ने इंडिगो को निर्धारित आवश्यकताओं और दिशानिर्देशों के अनुरूप अपने दस्तावेजों और प्रक्रियाओं में संशोधन करने का भी निर्देश दिया है।

डीजीसीए ने इंडिगो एयरलाइंस का एक विशेष ऑडिट किया। इस ऑडिट के दौरान फ्लाइट A321 के संचालन, प्रशिक्षण, इंजीनियरिंग और उड़ान डेटा निगरानी कार्यक्रम पर उनके दस्तावेजीकरण और प्रक्रिया की समीक्षा की। विशेष ऑडिट के दौरान इंडिगो एयरलाइन के संचालन, प्रशिक्षण प्रक्रियाओं और इंजीनियरिंग प्रक्रियाओं से संबंधित डॉक्यूमेंट्स में कुछ प्रणालीगत कमियां देखी गई। इस कारण जुर्माना लगाया गया है।

दिल्ली से पेरिस जाने वाले एयर इंडिया के विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर कराया गया लैंड

दिल्ली से पेरिस के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI143 आज उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस लौट आई। फ्लाइट के उड़ान भरने के बाद रनवे पर मलबा मिला। ऐसा माना जा रहा है कि ये मलबा फ्लाइट का टायर है। इसे देखे जाने के बाद दिल्ली एटीसी ने फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को जानकारी दी। इसके बाद फ्लाइट को फिर से लैंड कराया गया।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “28 जुलाई 2023 को दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI143 उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस लौट आई। दिल्ली एटीसी ने फ्लाइट क्रू को उड़ान भरने के बाद रनवे पर संदिग्ध टायर का मलबा देखे जाने की सूचना दी थी। फ्लाइट सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर दोपहर 14:18 बजे वापस आ गई।” अभी विमान की जांच की जा रही है। वहीं यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की जा रही है।

बिना गवर्नर को लिए फ्लाइट ने भर दी उड़ान

वहीं बैंगलोर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लाउंज में बैठकर अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे, लेकिन एयर एशिया की फ्लाइट उन्हें लिए बिना ही उड़ान भर दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एयरलाइंस ने राज्यपाल के देरी से एयरपोर्ट आने का हवाला दिया जबकि वह लाउंज में ही बैठकर इंतजार कर रहे थे।