उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें भी रद्द और लेट हो रही है। वहीं इसका एयरपोर्ट सेवाओं पर भी असर पड़ा है। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर जीरो विजिबिलिटी की वजह से 19 विमान को एटीसी ने उतरने की इजाजत ही नहीं दी। वहीं 13 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय विमानों को जयपुर, अहमदाबाद, भोपाल और मुंबई के लिए डायवर्ट कर दिया गया। कोहरे की वजह से 400 से अधिक फ्लाइटें लेट चल रही हैं।

45 विमानों को किया गया रद्द

खराब मौसम के कारण 45 विमानों को रद्द कर दिया गया। इसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं लंबी दूरी की 200 से अधिक ट्रेनें कोहरे के कारण प्रभावित चल रही है। दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर रविवार सुबह भारी भीड़ रही।

जीरो विजिबिलिटी में सुरक्षित लैंडिंग की सुविधा के लिए एयरपोर्ट के अधिकारियों ने कम दृश्यता प्रक्रियाएं (LVP) भी लागू कीं। इन उपायों के तहत CAT-I भी लागू किया गया, जिसमें बुनियादी सावधानियां शामिल हैं। ये 550 मीटर से ऊपर दृश्यता के लिए शुरू की जाती हैं। CAT-II पायलट 275 और 550 मीटर के बीच दृश्यता के साथ उतर सकते हैं और CAT-III A और B पायलट 50 मीटर से भी कम दृश्यता होने पर उतरने के लिए अधिकृत हैं।

किसानों के मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट की कमेटी ने दिया 5 करोड़ का बिल, हरियाणा सरकार तैयार, पंजाब ने किया टालमटोल

मौसम विभाग के अनुसार देश के 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोहरे का असर दिखा। दिल्ली के कई इलाकों में विजिबिलिटी जीरो से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई है। घने कोहरे को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने अस्थाई तौर पर अपने विमानों के अराइवल और डिपार्चर पर रोक लगा दी। वहीं एयर इंडिया ने भी हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी है।

ट्रेनें चल रही लेट

उत्तर रेलवे की ट्रेनों के संचालन पर कोहरे की वजह से सबसे बुरा असर पड़ा है। 59 से अधिक ट्रेनें छह घंटे और 22 से अधिक ट्रेनें आठ घंटे से भी अधिक देरी से चल रही हैं। वंदे भारत, जम्मू राजधानी, आंध्र एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस भी लेट चल रहीं। नई दिल्ली, आनंद विहार, निजामुद्दीन, गाजियाबाद, कानपुर, वाराणसी समेत तमाम स्टेशनों पर कड़ाके की ठंड में लोगों को ट्रेनों का घंटों इंतजार करते देखा गया।