Yamuna Water Level in Delhi: पिछले दो दिन में पहाड़ी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के बाद दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में इजाफा हुआ है। न्यूज एजेंसी PTI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, राजधानी नई दिल्ली में यमुना का जलस्तर 204.50 मीटर के चेतावनी के निशान को पार कर गया है।
केंद्रीय जल आयोग की वेबसाइट के अनुसार, पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर सोमवार दोपहर तीन बजे 203.48 मीटर से बढ़कर मंगलवार शाम छह बजे 204.94 मीटर हो गया। हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज पर प्रवाह 30,153 क्यूसेक दर्ज किया गया, जिसे मानसून के मौसम के दौरान मध्यम माना जाता है।
दिल्ली सरकार के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नदी के किनारे निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है लेकिन स्थिति गंभीर होने के आसार कम हैं। हिमाचल प्रदेश में रविवार से भारी बारिश का दौर चल रहा है। इसके कारण कम से कम 53 लोगों की मौत हो चुकी है।
जुलाई में दिल्ली में बन गए थे बाढ़ के हालात
देश की राजधानी नई दिल्ली को जुलाई के मध्य में अभूतपूर्व जलभराव और बाढ़ से जूझना पड़ा था। इतना ही नहीं, यमुना नदी का जल 13 जुलाई को 208.66 मीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। दिल्ली में बाढ़ के कारण 27,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। बाढ़ के कारण करोड़ों का नुकसान हुआ है। नदी 10 जुलाई से लगातार आठ दिन तक खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बहती रही। दिल्ली में यमुना के पास के निचले इलाके में लगभग 41,000 लोग रहते हैं। इन इलाकों को संवेदनशील माना जाता है।
असम में बाढ़: पांच जिलों में लगभग 46,000 लोग प्रभावित
असम में बाढ़ की स्थिति में मंगलवार को काफी सुधार देखने को मिला। हालांकि अब भी पांच जिलों में लगभग 46,000 लोग प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, चिरांग, दरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़ और शिवसागर जिलों में बाढ़ के कारण 45,700 से अधिक लोग प्रभावित हैं।
बुलेटिन में कहा गया कि शिवसागर में सबसे ज्यादा लगभग 23,000 लोग प्रभावित हैं, इसके बाद धेमाजी में 20,500 और चिरांग में 1,500 लोग परेशानी झेल रहे हैं। इससे पहले सोमवार तक सात जिलों में बाढ़ से प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या 65,500 से अधिक थी। राहत की बात है कि राज्य में कहीं से भी नई मौत की सूचना नहीं है। इस साल बाढ़ में अब तक कुल 14 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। (इनपुट- PTI/भाषा)