राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि रविवार (29 दिसंबर, 2019) को दिल्ली के पालम में तापमान सुबह साढ़े पांच बजे 5.4 डिग्री और सफदरजंग में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और अधिकतम 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
अगले दस दिनों के तापमान की बात करें तो दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 5, 7, 9 और डिग्री सेल्सियस रहेगा। अधिकतम तापमान की बात करें तो इसके 15, 16, 15 और 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसमें मंगलवार को हल्की बारिश का अनुमान है तो वहीं शुक्रवार को शहर में घना कोहरा पड़ने का अनुमान है।
आईएमडी की खबर के मुताबिक शनिवार (4 जनवरी, 2019) से बुधवार (8 जनवरी, 2019) तक दिल्ली सहित उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री कम रहेगा।
दिल्ली के अलावा जानिए देश के अन्य प्रमुख प्रदेशों का तापमान
उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर चलने से शनिवार को राजधानी दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में न्यूनतम तापमान इस मौसम में सबसे कम स्तर पर चला गया। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से हवाई, रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुए। शीतलहर से नए साल तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए ‘रेड कोडेड’ चेतावनी जारी की है और मध्य प्रदेश के लिए पीले (ऐंबर) रंग की चेतावनी जारी की है। रेड कोडेड चेतावनी तब जारी की जाती है जब मौसम की परिस्थतियां चरम होती हैं। मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में शनिवार को तापमान दो डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया और लोधी रोड वेधशाला में यह 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 1901 के बाद से यह दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर दर्ज होने की राह पर है।
दिल्ली में चार उड़ानों को दिल्ली हवाईअड्डे से अन्य स्थानों की ओर मोड़ना पड़ा। हवाईअड्डा के एक अधिकारी ने कहा कि पायलटों ने सीएटी- 3बी स्थिति में संचालन किया जिसका अर्थ है कि रनवे दृश्यता रेंज (आरवीआर) 50 से 175 मीटर के बीच रही। (भाषा इनपुट सहित)