Delhi Jama Masjid CAA-NRC Protest Bhim Army: दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ जमकर प्रदर्शन देखने को मिल रहा रहा है। राजधानी दिल्ली की कई जगहों पर लोग सड़कों पर उतर आए हैं। वहीं आज भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर अपने समर्थकों संग CAA और NRC के विरोध में प्रदर्शन करने का ऐलान कर चुके हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने उनको इसकी इजाजत नहीं दी है। इन सबके बीच चंद्रशेखर आजाद जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद में नागरिकता कानून के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
भीम आर्मी चीफ पहुंचे जामा मस्जिद: चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ शुक्रवार को जामा मस्जिद के पास प्रदर्शन मार्च निकाला गया। हालांकि पुलिस ने आजाद को इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी। हाथों में तिरंगा पकड़े प्रदर्शनकारियों ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ नारेबाजी की। भीम आर्मी को सीएए के खिलाफ जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक प्रदर्शन मार्च निकालने की अनुमति नहीं मिली थी। इस बीच वीडियो में चंद्रशेखर जामा मस्जिद में मौजूद प्रदर्शनकारियों के साथ CAA- NRC के ख़िलाफ नारेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं।
#WATCH Delhi: Protest at Jama Masjid against #CitizenshipAmendmentAct Bhim Army Chief Chandrashekhar Azad also present. Azad had been earlier denied permission for a protest march from Jama Masjid to Jantar Mantar pic.twitter.com/uXK1tvO4CT
— ANI (@ANI) December 20, 2019
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद: नागरिकता कानून के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली के जाफराबाद, चावड़ी बाजार, लाल क़िला और जामा मस्जिद के मेट्रो के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। इन स्टेशनों पर मेट्रो नहीं रुकेंगी। वहीं दिल्ली के सीलमपुर समेत कई इलाकों में इलाके में दिल्ली पुलिस सुबह से ही फ्लैग मार्च कर रही है। साथ ही कई इलाकों धारा 144 भी लागू है। जामा मस्जिद के बाहर हजारों लोगों की भीड़ देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ऐसे भी हुआ प्रदर्शन: शुक्रवार की सुबह जामा मस्जिद इलाके में स्थानीय लोगों ने शांति और सौहार्द की मिसाल कायम करते हुए दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा व दूसरे अधिकारियों को गुलाब के फूल बांटे। इससे पहले रंधावा ने बताया था कि जामा मस्जिद के आसपास के इलाके में धारा 144 नहीं लगाई गई है। यहां लोग सहयोग कर रहे हैं और शांति चाहते हैं।