Weather forecast Today Updates: दिल्ली वासियों को सोमवार की सुबह भी ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस समय के लिए सामान्य है। हालांकि रविवार की सुबह और भी सर्द थी जब न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।हवा में आज नमी का स्तर 97 प्रतिशत दर्ज किया गया।मौसम वैज्ञानिकों ने दिन भर आसमान साफ रहने और मंगलवार की सुबह मध्यम कोहरा रहने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में दिन भर ठंड रहेगी और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की उम्मीद है।सफदरजंग में सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 1,000 मीटर रही और सुबह साढ़े आठ बजे यह घटकर 600 मीटर पर आ गई। पालम में दृश्यता सुबह साढ़े पांच बजे 700 मीटर थी जो साढ़े आठ बजे घट कर 500 मीटर हो गई।

मध्य भारत की बात करें तो एक चक्रवाती सिस्टम गुजरात के पूर्वी हिस्सों पर बना है, साथ ही एक ट्रफ मध्य भारत से पूर्वी राजस्थान पर बन गई है। इन सिस्टमों के कारण पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी मराठवाड़ा के कुछ भागों में मध्यम बारिश की संभावना है। इसी बीच पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, जिसके चलते बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों में सर्दी में बढ़ोतरी की संभावना है।

Live Blog

18:09 (IST)23 Dec 2019
दिल्ली की हवा की गुणवत्ता खराब

मौसम विभाग के मुताबिक शहर में वायु गुणवत्ता ‘‘बेहद खराब’’ श्रेणी में बनी रही और सुबह नौ बजकर 44 मिनट पर एक्यूआई 310 दर्ज किया गया। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

16:29 (IST)23 Dec 2019
Haryana Weather Update: हरियाणा में गिरा पारा

दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर जारी है। ठिठुरन बढ़ गई है और बढ़ी सर्दी के चलते लोग सोमवार सुबह कांपते दिखे, वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम पारा 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

15:12 (IST)23 Dec 2019
वीडियो के जरिए जानिए उत्तर भारत और मध्य भारत के मौसम का हाल

14:28 (IST)23 Dec 2019
उत्तर भारत के मौसम का हाल जानिए

सर्दी का आगाज हो चुका है। कई राज्‍यों में लोग ठिठुर रहे हैं, ऐसे में बारिश होने से कंपकंपी बढ़ सकती है। मौसम के जानकारों का अनुमान है कि 23, 24 दिसंबर को उत्‍तर भारत और 26 दिसंबर को मध्‍य भारत के कई शहरों में मध्‍यम से तेज बारिश होने की संभावना है। यह बेमौसम बारिश लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन सकती है। हालांकि कुछ फसलों के लिए यह लाभकारी है लेकिन अधिकांश के लिए मुश्किल भरी होगी। आइये जानते हैं कौन से शहर बारिश से प्रभावित हो सकते हैं।

13:03 (IST)23 Dec 2019
दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

उत्तर पश्चिम की ओर से दिल्ली पहुंच रही हवाओं से रविवार इस मौसम का तीसरा सबसे सर्द दिन रहा। इस दौरान तेज हवाओं ने दिल्लीवालों को कंपकंपाया। घने कोहरे से घिरी सुबह के बाद दिन का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

12:33 (IST)23 Dec 2019
मध्य प्रदेश के मौसम का हाल जानिए

48 घंटे में दिन व रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़ा है, लेकिन निवाली में रविवार सुबह 8.30 बजे तक कोहरा छाया रहा। इससे सुबह से ठंड का माहौल रहा। सुबह 8.30 बजे नगर के शिव टेकड़ी से निवाली नगर कोहरे से घिरा दिखा। लोगों ने बताया कि नगर के एक किमी के दायरे में कोहरे का प्रभाव रहा। मौसम विभाग के अनुसार दो से तीन दिन ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

11:25 (IST)23 Dec 2019
लुधियाना के मौसम का हाल जानिए

लुधियाना में कड़ाके की ठंड पर रही है। इस बार रात की बजाय दिन में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लगातार पड़ रही ठंड ने 40 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्ष 1978 में 22 दिसंबर को दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले चार दिन से महानगर में सूर्य देवता के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं। बादलों व शीतलहर से हर कोई कड़ाके की ठंड से कंपकंपाता नजर आ रहा है। रविवार को भी पूरा दिन धूप नहीं रही और गलन व शीतलहर से लोगों की कंपकंपी छूट गई। हालांकि छुट्टी का दिन होने की वजह से ज्यादातर लोग घरों में ही रहे, जो बाहर निकले वे अलाव, हीटर व ब्लोवर के आस-पास बैठे दिखे। शाम ढलते ही ठंड का प्रकोप और बढ़ गया।

10:08 (IST)23 Dec 2019
कानपुर के मौसम का हाल जानिए

तीन दिन पहले 48 साल व सबसे ठंडे दिन का रिकार्ड टूटने के बाद अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। धूप के बीच भी सर्द हवाएं लोगों की कंपकपी छुड़ा रही हैं। रविवार की सुबह कोहरा लेकर आई, वहीं ठंड में भी इजाफा हो गया। हालांकि दोपहर तक गुनगुनी धूप निकलने से लोगों ने राहत महसूस की। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बूंदाबांदी के आसार जताए हैं, इससे अभी ठंड के तेवर और बढऩे की संभावना बन रही है।

09:07 (IST)23 Dec 2019
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या मौसम का लुप्त उठाने पहुंचे सैलानी

07:53 (IST)23 Dec 2019
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल