देश की राजधानी दिल्ली एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच दिल्ली में ठंड और भी बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के अंदर बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में ठंड बढ़ सकती है। शनिवार सुबह दिल्ली एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा और कई उड़ाने इसके कारण प्रभावित हुई।
रात से बारिश की संभावना
शुक्रवार देर रात 2 बजे दिल्ली एनसीआर में विजिबिलिटी शून्य पर पहुंच गई थी। वहीं शनिवार की सुबह 6:30 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 400 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज शाम या रात से बारिश की संभावना जताई है। यह बारिश करीब 24 घंटे तक चलेगी। ऐसे में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी घना कोहरा छाया हुआ है।
दिल्ली में खराब मौसम के कारण 165 से अधिक उड़ाने प्रभावित हुई है। वहीं 25 से अधिक ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। दिल्ली एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ सकती है। अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। हालांकि 15 जनवरी के बाद ठंड कम होगी।
12 और 13 जनवरी को हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 जनवरी को राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। 15 जनवरी तक यूपी के भी कुछ इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 11 से 13 जनवरी के दौरान राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।