क्या आपने भी 29 अगस्त को दिल्ली मेट्रो में सफर किया? अगर हां तो आप भी एक दिन में सबसे ज़्यादा तादाद में सफर करने वाले उन लोगों ने शुमार हो गए जिनके रहते एक रिकॉर्ड कायम हो गया है।

जी हां, DMRC ने जानकारी दी है कि 29 अगस्त को 69.94 लाख लोगों ने मेट्रो में सफर किया। यह अब तक दिल्ली मेट्रो में एक दिन में सफर करने वाले लोगों की सबसे बड़ी संख्या थी। यह आंकड़ा लोगों के टिकट खरीदने और मेट्रो एंट्री के दौरान किए गए पंच के मुताबिक लागया जाता है। 

DMRC ने क्या कहा? 

DMRC ने रिकॉर्ड की इस खबर को X (Twitter) पर साझा करते हुए लिखा, “अपने यात्रियों को आरामदायक यात्रा प्रदान करने का दिल्ली मेट्रो का मिशन हर दिन नई ऊंचाइयों को छू रहा है और परिणामस्वरूप दिल्ली मेट्रो ने 29 अगस्त 2023 को एक बार फिर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया जब एक ही दिन में 69 लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो में यात्रा की। सोमवार से पहले यात्रियों की सबसे ज़्यादा संख्या का आंकड़ा 66,18,717 था, जो 10 फरवरी 2020 को दर्ज किया गया था। 

किस लाइन पर कितनी रही है संख्या? 

मंगलवार को दर्ज की गई कुल यात्राओं में से रेड लाइन पर 7,65,059 लोगों ने यात्रा की, येलो लाइन पर 19,11,239, ब्लू लाइन पर 14,90,171 और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर 61,041 का आंकड़ा रहा। 

अधिकारियों ने कहा कि इस साल जनवरी में औसत संख्या 49,33,458 थी जबकि मार्च का आंकड़ा 50,83,204 था।

राखी पर क्या रहेगा मेट्रो का शेड्यूल? 

कल यानी 30 अगस्त 2023 को रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो अपने कॉरिडोर पर लगभग 106 अतिरिक्त ट्रेन  चलाएगी। यदि आवश्यक हुआ तो भीड़ को कम करने के लिए सेवाओं में शामिल करने के लिए अतिरिक्त स्टैंडबाय ट्रेनें भी रखी जाएंगी।