दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्ड के लिए रविवार को हुए उपचुनाव के दौरान मतदान धीमा रहा और शाम चार बजे तक कुल 31.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ था।
मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी और इसके लिए चुनाव आयोग के साथ-साथ राजनीतिक दलों ने भी पूरे इंतजाम किए हैं।
उपचुनाव के लिए वोटिंग मुंडका, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका-बी, दिचाऊं कलां, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिण पुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर में हुई।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार का नेतृत्व किया, जबकि आप की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रचार की कमान संभाली।
वर्तमान में एमसीडी सदन में भाजपा के पास 115 पार्षदों का आंकड़ा है। पार्टी की कोशिश सभी 12 सीटें जीतने की है। ऐसा होने पर 250 सदस्यीय नगर निगम में भाजपा की संख्या बढ़कर 127 तक पहुंच जाएगी और इससे उसे स्पष्ट बहुमत मिल जाएगा।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: चुनाव मैदान में हैं 51 उम्मीदवार
एमसीडी उपचुनाव में 26 महिलाओं सहित 51 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने आठ महिला उम्मीदवारों को चुनावी रण में उतारा है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने छह और कांग्रेस ने पांच महिला उम्मीदवार उतारी हैं।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: चांदनी चौक में 27.91 प्रतिशत वोटिंग
द्वारका-बी वार्ड में 23.72 प्रतिशत, चांदनी चौक में 27.91 प्रतिशत, अशोक विहार में 28.13 प्रतिशत और शालीमार बाग-बी में 28.28 प्रतिशत मतदान हुआ।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: चांदनी महल में सबसे ज्यादा वोटिंग
चांदनी महल में सर्वाधिक 41.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। संगम विहार-ए में 38.62 प्रतिशत और मुंडका में 37.82 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान ग्रेटर कैलाश में दर्ज किया गया। वहां केवल 20.87 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
एमसीडी उपचुनावों को लेकर दिल्ली में राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के संयुक्त सचिव आदेश्वर कांत ने कहा, “सुबह से ही हमारी चुनाव इंतजाम बहुत सुचारू रूप से चल रही हैं, और चुनाव प्रक्रिया भी। यह आसानी से और बिना किसी समस्या के चल रही है। मतदाता खुशी के माहौल में अपना वोट डाल रहे हैं क्योंकि हमने चुनाव प्रक्रिया को सरल बनाया है और सुविधाएं दी हैं। पहली बार, न केवल उपचुनाव में, बल्कि आम चुनाव में भी, हमने दिल्ली के सभी 580 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की है, जिसमें से 100% मतदान केंद्र कवर किए गए हैं… वेबकास्टिंग का एक बड़ा फायदा यह है कि हम इसे वास्तविक समय में मॉनिटर कर सकते हैं।”
एमसीडी उपचुनाव में ग्रेटर कैलाश वार्ड-173 से भाजपा उम्मीदवार अंजुम मंडल ने कहा, “मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने आई हूं… मेरी जनता से अपील है कि वे अपने घरों से बाहर निकलें ताकि भाजपा के नेतृत्व में ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में विकास हो सके। उन्हें ही हमें जिताना है, उन्हें ही हमारे साथ खड़ा होना है, तभी हम ग्रेटर कैलाश वार्ड को दिल्ली का नंबर वन वार्ड बना पाएंगे।”
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: 21.84 फीसदी मतदान
दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में वोटिंग जारी है। दोपहर 1:30 बजे तक 21.84% मतदान हुआ है। संगम विहार वार्ड में दूसरे वार्ड्स की तुलना में ज्यादा वोटिंग हो रही है।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: कहां सबसे ज्यादा वोटिंग
एमसीडी चुनाव के लिए मतदान सुबह 7:30 बजे से शुरू हो चुका है। शुरुआती दो घंटे में, यानी 9:30 बजे तक, संगम विहार वार्ड में सबसे ज्यादा 9.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: सुबह 9 बजे तक कितनी वोटिंग?
एससीडी उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 5.40 फीसदी मतदान हुआ है। लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
एससीडी उपचुनाव में विनोद नगर वार्ड से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार गीता रावत अपने पति डी.एस. रावत के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं और अपना वोट डाला।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: किन सीटों पर वोटिंग?
दिल्ली नगर निगम के चांदनी महल, द्वारका-बी, ढिचाऊं कलां, नारायणा, मुंडका, संगम विहार-ए, दक्षिण पूरी, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, ग्रेटर कैलाश व विनोद नगर वार्ड पर वोटिंग जारी है।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: सीएम रेखा डालेंगी वोट?
एमसीडी के इस उपचुनाव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी अपना वोट डालेंगी। शालीमार बाग का वह वार्ड, जहां से वह पहले पार्षद थीं, उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद वो खाली हो गया था। अब उसी सीट पर फिर से चुनाव हो रहा है, इसलिए रेखा गुप्ता भी मतदान प्रक्रिया में शामिल होंगी।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: कब आएंगे नतीजे?
3 दिसंबर को चुनाव के परिणाम आने वाले हैं। वो नतीजे बताएंगे कि जनता किसके पक्ष में खड़ी है। मतदान से पहले भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों ने पूरा जोर लगाया है।
Delhi MCD By- Election 2025 LIVE: क्या है नंबर गेम
वर्तमान में एमसीडी सदन में भाजपा के पास 115 पार्षदों का आंकड़ा है। पार्टी अब रविवार को होने वाले उपचुनाव में सभी 12 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में है। ऐसा होने पर 250 सदस्यीय नगर निगम में भाजपा की संख्या बढ़कर 125 तक पहुंच जाएगी, जो उसे स्पष्ट बहुमत की स्थिति में ले आएगी।
दिल्ली एमसीडी के 12 वार्डों में पार्षद चुनने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मतदान जारी है। यह उपचुनाव इसलिए भी अहम माने जा रहे हैं क्योंकि मुकाबला तीन तरफा है और नतीजे राजधानी में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के काम पर जनता की राय जैसे समझे जा रहे हैं।
