Astha Saxena
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने शनिवार (18 जनवरी, 2020) को अपने 54 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने इस बार 17 नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। प्रदेश की कुल 70 विधानसभा सीटों के लिए आठ फरवरी को मतदान होना है। टिकट वितरण में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं और पार्षदों को खासा ख्याल रखा है जिन्हें बड़ी संख्या में मौका दिया गया है। आकंड़ों की बात करें तो कुल 42 सीटों पर बड़ा उलटफेर किया गया है।
दिल्ली चुनावी मैदान में जिन नए चेहरों मौका दिया गया है कि उनमें दिल्ली कांग्रेस चीफ सुभाष चोपड़ा की बेटी शिवानी चोपाड़ा (जो कालकाजी से चुनाव लड़ेंगी) और युवा कांग्रेस नेता राधिका खेड़ा जनकपुरी से चुनाव लड़ेंगी। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में खेड़ा ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी की कमान संभाल रखी थी। पिछले साल आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं अलका लांबा को चांदनी चौक से टिकट दिया गया है।
पार्टी द्वारा जारी पहली लिस्ट में पूर्व कैबिनेट मंत्री हारून यूसुफ (बल्लीमारान), आदर्श शास्त्री (द्वारका), राजेश लिलोथिया (मंगोलपुरी), अरविंदर सिंह लवली (गांधीनगर), कृष्णा तीरथ (पटेल नगर), चौधरी मतीन अहमद (सीलमपुर), डॉक्टर एके वालिया (कृष्णा नगर), पूनम आजाद (संगम विहार) और अभिषेक दत्त (कस्तूरबा नगर) जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं।
लिस्ट में मतीन जैसे नेताओं को उन्हीं सीटों पर उम्मीदवार बनाया गया है जहां से उन्होंने 2015 में चुनाव लड़ा। जबकि वालिया और लवली जैसे नेताओं को दूसरी सीट से उतारा गया। डॉक्टर वालिया जिन्होंने साल 2015 का विधानसभा चुनाव लक्ष्मीनगर से लड़ा इस बार उन्हें कृष्णा नगर से उतारा गया है। जबकि लवली को गांधी नगर से टिकट से दिया गया।
इसके अलावा कुछ वरिष्ठ नेता जैसे किरण वालिया, नसीब सिंह, अजय माकन और महाबल मिश्रा के नाम पहली लिस्ट में नजर नहीं आए। पार्टी को अभी 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा और करनी है। इसमें नई दिल्ली जैसी सीट शामिल है, जहां मुख्यमंत्री अरविंदर केजरीवाल चुनावी मैदान में हैं।
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में दस महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। इसमें पार्टी चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद का नाम भी शामिल हैं, जिन्हें संगम विहार से उम्मीदवार बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभी जिन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाना बाकी है। उनमें उत्तम नगर, विकासपुरी, महरौली, बुराड़ी, किराणी, मादीपुर, तिलक नगर, बिजवासन, पालम, राजेंद्र नगर, बदरपुर, ओखला, कोंडली, गौण्डा और करावल नगर शामिल हैं।
