Astha Saxena
दिल्ली की समस्याओं को दूर करने के लिए इस बार के चुनाव में कई डॉक्टर भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने 4-4 डॉक्टरों को टिकट दिया है। वहीं आम आदमी पार्टी की तरफ से किसी डॉक्टर को टिकट नहीं दिया गया है।
दिल्ली की कृष्णा नगर सीट से भाजपा और कांग्रेस दोनों ने डॉक्टरों पर ही दांव लगाया है। कांग्रेस की तरफ से पूर्व विधायक डॉक्टर एके वालिया चुनाव मैदान में हैं। डॉक्टर वालिया शीला दीक्षित सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं और कांग्रेस के पुराने नेता माने जाते हैं। वहीं भाजपा के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ रहे डॉक्टर अनिल गोयल मैदान में हैं।
एके वालिया के पास एमबीबीएस की डिग्री है और वह एक जनरल फिजीशियन हैं। डॉक्टर वालिया का कहना है कि एक डॉक्टर लोगों के साथ जुड़ा रहता है। एक वाक्ये को याद करते हुए डॉक्टर वालिया ने बताया कि जब वह एक बार लक्ष्मी नगर में चुनाव प्रचार कर रहे थे, तो एक महिला ने उनके पास आकर पूछा था कि क्या अब वह उनका इलाज करेंगे या नहीं?
एके वालिया ने बताया कि डॉक्टर लोगों से सीधे तौर पर जुड़े होते हैं और वह तो आज भी मरीजों को देखते हैं। बता दें कि डॉ. एके वालिया का लक्ष्मी नगर में नर्सिंग होम है, जो कि साल 1983 से संचालित हो रहा है।
वहीं दूसरी तरफ भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे डॉक्टर अनिल गोयल का कहना है कि चुनाव जीतने के बाद वह अपने विधानसभा क्षेत्र में कई बदलाव करेंगे, जिसमें शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करना शामिल है। पेशे से एक यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर अनिल गोयल कृष्णा नगर में एक 80 बेड का नर्सिंग होम संचालित करते हैं। डॉक्टर गोयल आम आदमी पार्टी के मोहल्ला क्लीनिक की आलोचना की है।
डॉक्टर गोयल ने बताया कि यदि हम सत्ता में आते हैं तो हमारे पास मोहल्ला क्लीनिक के लिए एक वैकल्पिक मॉडल है। अभी मोहल्ला क्लीनिक में इमरजेंसी सेवाएं नहीं मिल रही हैं। हम इन्हें आधारभूत मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराएंगे। मेरे विधानसभा क्षेत्र में सिर्फ एक सरकारी अस्पताल चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय है, जो कि खराब हालत में है। हम अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाएंगे। डॉक्टरों को लाया जाएगा और सुविधाओं में भी सुधार किया जाएगा।
कृष्णानगर सीट से डॉक्टर वालिया और डॉक्टर गोयल के बीच कड़ा मुकाबला होने का अनुमान जताया जा रहा है। अन्य डॉक्टर प्रत्याशियों की बात करें तो कांग्रेस से डॉक्टर नरेश कुमार (मुंडका), डॉक्टर नरेंद्र नाथ (शाहदरा) और डॉक्टर एसपी सिंह (गोकुलपुर) को टिकट दिया है।
वहीं भाजपा की तरफ से डॉक्टर एससी वत्स (शकूरबस्ती), डॉक्टर महेंद्र नागपाल (वजीरपुर) और डॉक्टर एससीएल गुप्ता (संगम विहार) चुनाव मैदान में है।
