देश में कोरोना विषाणु संक्रमण के नए मामलों की संख्या में हर दिन तेज गति से बढ़ रही है। शनिवार रात साढ़े दस बजे तक देश में संक्रमण के 1,51,973 नए मामले सामने आए। देश में लगातार चौथे दिन सवा लाख से अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, 808 लोगों की जान संक्रमण के चलते गई। ये आंकड़ें 31 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य विभागों की ओर से जारी किए गए थे।
देश में सबसे अधिक 55,411 नए मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में शनिवार को इस महामारी के चलते 309 लोगों की मौत हुई। राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 33,43,951 तक पहुंच गई है जबकि अब तक 57,638 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 5,36,682 लोगों का कोरोना विषाणु संक्रमण का इलाज चल रहा है। पुणे में 9,864 और मुंबई में 9,327 नए मामले दर्ज किए गए। दूसरी ओर, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में नए मामले सर्वाधिक दर्ज हुए।
महाराष्ट्र के बाद देश में छत्तीसगढ़ में 14,098, उत्तर प्रदेश में 12,787, दिल्ली में 7,897, कर्नाटक में 6,955, केरल में 6,194, तमिलनाडु में 5,989, गुजरात में 5,011, मध्य प्रदेश में 4,986, राजस्थान में 4,401, पश्चिम बंगाल में 4,043, बिहार में 3,469, आंध्र प्रदेश में 3,309, पंजाब में 3,254, हरियाणा में 2,937, तेलंगाना में 2,909, झारखंड में 1,925, ओड़ीशा में 1,374, उत्तराखंड में 1,233, जम्मू कश्मीर में 1,005, हिमाचल प्रदेश में 941, गोवा में 540, असम में 405, चंडीगढ़ में 398, पुडुचेरी में 272, दादर नागर हवेली में 103, त्रिपुरा में 41, मेघालय में 39, मिजोरम में 25, नगालैंड में 12 और लक्षद्वीप में 10 नए मामले दर्ज किए गए।
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान छह और लोगों की मौत हो जाने से कुल मृतक संख्या बढ़ कर शनिवार को 1604 पहुंच गई। वहीं, राज्य में संक्रमण के 3469 नये मामले सामने आने के साथ अबतक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढकर 2,79,473 हो गयी।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से पटना में तीन, गया में दो तथा भोजपुर जिले में एक मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही, कुल मृतक संख्या बढ़ कर शनिवार को 1,604 पहुंच गयी।
विभाग के अनुसार राज्य में शुक्रवार शाम चार बजे से शनिवार शाम चार बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 3469 नए मामले सामने आए, इनमें प्रदेश की राजधानी पटना में सबसे अधिक 1431 मामले सामने आए।
राज्य में संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित अन्य प्रमुख जिलों गया में 310, मुजफ्फरपुर में 183, भागलपुर में 97, औरंगाबाद में 93, पूर्णिया में 87, बेगूसराय में 80, जहानाबाद में 77, भोजपुर 74, लखीसराय में 70, सारण में 62, सिवान में 57, अरवल, वैशाली एवं मुंगेर में 51-51 और दरभंगा एवं सहरसा में 50-50 मामले पिछले 24 घंटों के दौरान सामने आए।

