Congress Working Committee: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में महाराष्ट्र और हरियाणा चुनावों में पार्टी के अपेक्षा से कम प्रदर्शन पर बात की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान करते हुए आंतरिक कलह और ईवीएम को इसका दोष दिया।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने अच्छी वापसी की। साथ ही स्वीकार किया कि बाद के राज्य विधानसभा चुनावों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। खड़गे ने कहा कि चुनावों में गति हमारे पक्ष में थी, लेकिन सिर्फ गति हमारे पक्ष में होना जीत की गारंटी नहीं है। हमें माहौल को नतीजों में बदलना सीखना होगा।
उम्मीद से भी नीचे लुढ़की भारतीय अर्थव्यवस्था, विकास दर मात्र 5.4%
खड़गे ने पार्टी से आत्मनिरीक्षण करने और अपनी कमियों को पहचानने का आग्रह करते हुए सवाल किया कि क्या कारण है कि हम इस गति का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं? इस दौरान खड़गे में अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इन प्रमुख बिंदुओं में अपनी बात रखी।
आइए जानते हैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्या कहा?
- साथियों 2024 के लोक सभा चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस पार्टी ने नए जोश-खरोश के साथ वापसी की थी। लेकिन उसके बाद हुए, 3 राज्यों के चुनावी नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे।
- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सबसे पहले मैं प्रियंका गांधी जी को वायनाड से और रवींद्र वसंतराव चव्हाण को नांदेड़ से लोक सभा में विजयी होने पर बहुत बधाई देता हूं। राज्यों में कांग्रेस के विजयी सभी उम्मीदवारों को भी बधाई।
- INDIA parties ने 4 में से 2 राज्यों में सरकार बनाई। पर हमारा performance below-expectation रहा। भविष्य के लिहाज से यह हमारे लिए चुनौती है।
- हमें तुरंत चुनावी नतीजों से सबक लेते हुए संगठन के स्तर पर अपनी सभी कमजोरियों और खामियों को दुरुस्त करने की जरूरत है। ये नतीजे हमारे लिए संदेश है।
- सबसे अहम बात जो मैं बार-बार कहता हूँ कि आपसी एकता की कमी और एक दूसरे के ख़िलाफ़ बयानबाजी हमें काफी नुकसान पहुंचाती है। जब तक हम एक हो कर चुनाव नहीं लड़ेंगे, आपस में एक दूसरे के ख़िलाफ़ बयानबाजी का सिलसिला बंद नहीं करेंगे, तो अपने विरोधियों को राजनीतिक शिकस्त कैसे दे सकेंगे?
- इसलिए जरूरी है कि हम Strictly अनुशासन का पालन करें। हर हालत में united रहना है। पार्टी के पास अनुशासन का भी हथियार है। लेकिन हम नहीं चाहते कि अपने साथियों को किसी बंधन में डालें। इसलिए सबको ये सोचने की दरकार है कि कांग्रेस पार्टी की जीत में ही हम सबकी जीत है और हार में हम सबकी हार है। पार्टी की ताकत से ही हमारी ताकत है।
- साथियों, चुनावों में माहौल हमारे पक्ष में था। लेकिन केवल माहौल पक्ष में होना भर जीत की गारंटी नहीं। हमें माहौल को नतीजों में बदलना सीखना होगा। क्या कारण है कि हम माहौल का फ़ायदा नहीं उठा पाते?
- इसीलिए हमें पर्याप्त मेहनत करने के साथ समयबद्ध तरीके से रणनीति बनानी होगी। हमे अपने संगठन को Booth Level तक मजबूत करना होगा। हमें मतदाता सूची बनाने से लेकर वोट की गिनती तक रात दिन सजग, सचेत और सावधान रहना होगा।
- हमारी तैयारी आरंभ से मतगणना तक ऐसी होनी चाहिए कि हमारे workers और systems मुस्तैदी से काम करें।
- कई राज्यों में हमारा संगठन अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। संगठन का मजबूत होना हमारी सबसे बड़ी जरूरत है।
- हम चुनाव भले ही हारे हो, पर इसमें कोई शक नहीं कि बेरोज़गारी, महंगाई, आर्थिक असमानता, इस देश के ज्वलंत मुद्दे हैं। जाति जनगणना भी आज का एक अहम मसला है। संविधान, सामाजिक न्याय और सौहार्द जैसे मसलों जन-जन के मुद्दे है।
- पर इसका मतलब ये नहीं की हम चुनावी राज्यों में वहां के जरूरी local मुद्दों को भूल जाए। राज्यों के अलग-अलग मुद्दों को समय रहते बारीकी से समझना और उसके इर्द-गिर्द ठोस Campaign रणनीति बनाना भी जरूरी है।
- National issues और National Leaders के सहारे राज्यों का चुनाव आप कब तक लड़ेंगे?
- हाल के चुनावी नतीजों का संकेत यह भी है कि हमें राज्यों में अपनी चुनाव की तैयारी कम से कम 1 साल पहले शुरू कर देनी चाहिए। हमारी teams समय से पहले मैदान में मौजूद रहनी चाहिए। पहला काम मतदाता सूचियों की जाँच करनी चाहिए ताकि हमारे पक्ष वालों के वोट हर हालत में सूची में बने रहें।
- अगली बात जो मैं कहना चाहता हूँ वो है, हम पुराने ढर्रे पर चलते हुए हर समय सफलता नहीं पा सकते।
- आपका राजनीतिक प्रतिद्वंदी क्या कर रहा है, इसे रोज़मर्रा में देखना होगा। हमे समय से निर्णय लेने होगे। जवाबदेही तय करनी होगी।
- एक और बात मैं कहना चाहता हूँ। कई बार हम ख़ुद अपने सबसे बड़े शत्रु बन जाते हैं। हम ख़ुद अपने बारे में नकारात्मक और हताशापूर्ण बातें करेंगे और ये कहेंगे कि – हमारा कोई Narrative नहीं है तो मैं पूछता हूं कि narrative बनाना और उसको जनता तक पहुंचाना किसकी जिम्मेदारी है?
- ये हम सबकी सामूहिक ज़िम्मेदारी है। जो नैरेटिव हमने राष्ट्रीय स्तर पर set किया था, वो अभी भी लागू है।
- मैं मानता हूँ कि EVM ने चुनावी प्रक्रिया को संदिग्ध बना दिया है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है इसलिए इसे लेकर जितना कम कहा जाए उतना अच्छा। पर देश में Free और Fair चुनाव सुनिश्चित करवाना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है। बार-बार ये सवाल उठ रहे हैं कि किस हद तक ये दायित्व निभाया जा रहा है।
- सिर्फ़ 6 महीने पहले जिस तरह के नतीज़े लोक सभा में MVA के पक्ष में आए थे उसके बाद विधान सभा का नतीज़ा राजनीतिक पंडितों के भी समझ से परे है। जैसे परिणाम आए हैं कि कोई भी अंकगणित इसे justify करने में असमर्थ है।
- हमें हर हालत में चुनाव लड़ने के तरीकों को बेहतर बनाना होगा। क्योंकि समय बदल गया है। चुनाव लड़ने के तरीके बदल गए है। हमे अपनी Micro-communication strategy को विरोधियों से बेहतर करना होगा। Propaganda और misinformation से लड़ने के तरीक़े भी ढूँढने होंगे। पिछले परिणाम से सबक लेकर हमें आगे बढ़ना होगा। खामियों को दूर करना है। आत्मविश्वास के साथ कड़े निर्णय लेने होंगे।
- हमारे बार-बार हारने से fascist ताकतें अपनी जड़ें गहरी बना रही है। एक-एक कर वो राज्य की संस्थाओं पर भी अपना क़ब्ज़ा जमा रहे है।
- हम संविधान को adopt करने का 75वाँ साल मना रहे हैं। इन 75 वर्षों में कांग्रेस पार्टी ने भारत में ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ शानदार काम किया है। संविधान की बदौलत ही हमारा देश दुनिया की अगली कतार में हैं।
- संविधान को बनाने और लागू करने में अगर किसी एक दल को सबसे अधिक क्रेडिट जाता है तो वह कांग्रेस ही है। उसी ने देश के आम लोगों को अधिकार संपन्न बनाया। हक और हकूक दिया।
- पिछले 11 वर्षों में Have-nots का एक बड़ा वर्ग तैयार हो गया है, जो बेरोज़गारी, महंगाई और गहराती विषमता से परेशान है। हमें उनकी मजबूत आवाज बनना है। कांग्रेस पार्टी का सत्ता में आना इसलिए जरूरी है कि हमारी सरकार होगी तो हम देश के 140 करोड़ लोगों के एजेंडे को लागू कर सकते हैं। हिंदुस्तान की तरक्की के एजेंडे को लागू कर सकते है।
- बातें बहुत सी हैं। मणिपुर से लेकर संभल तक का बहुत गंभीर मसले है। बीजेपी देश का ध्यान अपनी विफलताओं से भटकाने के लिए कई धार्मिक मुद्दों को विभिन्न माध्यमों से हवा देने की कोशिश कर रही है।
हमें सत्ता में बैठी विभाजनकारी ताकतों को हराना होगा- कांग्रेस अध्यक्ष
- हमें सत्ता में बैठी विभाजनकारी ताकतों को हर हालत में हराना है। देश में तरक़्क़ी, अमन-चैन और भाई-चारा वापिस स्थापित करना है। क्योंकि हमने ये शानदार देश बनाया है। देश के करोड़ों लोग हमें शक्ति देने के लिए तैयार हैं। हमारा इंतज़ार कर रहे हैं। हम उन्हें निराश नहीं कर सकते।
- लोक सभा चुनाव में उत्साह भरे नतीजों को हासिल करने के बाद विधान सभा के चुनावों में हमें धक्का लगा है। इसीलिए हमें कठोर निर्णय लेने होंगे।
पराजय से हताश होने की जरूरत नहीं है- खड़गे
- आखिर में मैं ये कहना चाहता हूं कि हमें पराजय से हताश होने की जरूरत नहीं है। हमें नए संकल्प के साथ grassroots level से, ब्लाक, जिला से लेकर AICC तक बदलाव लाना होगा। हमें समय के साथ जरूरी परिवर्तन लाना ही होगा। हमने पहले भी चुनौतियों पर विजय पाई है। इसलिए हमें मौजूदा चुनौतियों से पार पाते हुए आगे बढ़ना होगा।
केसी वेणुगोपाल ने क्या कहा?
- कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि आज संसद के शीतकालीन सत्र के बीच में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई, जो अब तक मोदी सरकार द्वारा तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर तत्काल चर्चा करने से इनकार करने के कारण बेकार चला गया है – हाल ही में उस व्यापारिक समूह द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के खुलासे, जिसके साथ खुद प्रधानमंत्री के सबसे घनिष्ठ संबंध हैं, मणिपुर में जारी हिंसा… और भाजपा द्वारा विभिन्न राज्यों में, हाल ही में उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने का व्यवस्थित प्रयास। पूजा स्थल विशेष प्रावधान अधिनियम 1991 के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, जिसका भाजपा द्वारा खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है, CWC ने चार विधानसभा चुनावों के परिणामों के बाद कांग्रेस के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की।
- के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि CWC झारखंड के लोगों को JMM, कांग्रेस और INDIA गठबंधन के अन्य दलों को दिए गए निर्णायक जनादेश के लिए धन्यवाद देती है। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, असम के मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा के खतरनाक रूप से विभाजनकारी और जहरीले ध्रुवीकरण अभियान को जोरदार तरीके से खारिज कर दिया है।
यह भी पढ़ें-
मौजूदा संसद में गांधी फैमिली के तीन सांसद, जानिए किस परिवार के सबसे ज्यादा