Congress Manifesto Haryana Assembly Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र (गारंटी पत्र) जारी कर दिया है। जिसमें कई गारंटियों की घोषणा की गई है। इन घोषणाओं में महिला, युवा, किसान और बुजुर्गों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा कांग्रेस की महत्वपूर्ण गारंटियों की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। जिसमें 500 रुपए में सिलेंडर, 2 लाख युवाओं को नौकरी प्रदान करना, बुजुर्गों को बुढ़ापा पेंशन 6 हजार रुपए देना शामिल है।

हरियाणा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को पार्टी की सात गारंटियां गिनाईं। कांग्रेस का कहना था कि राज्य में अगर हमारी सरकार बनती है तो गरीबों को दो कमरे का मकान दिया जाएगा और हर महीने महिलाओं को 2 हजार रुपए दिए जाएंगे।

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बीजेपी के शासन में हरियाणा में अपराध बढ़ गए हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए दो हजार रुपए प्रति माह देगी। 18 वर्ष से 60 वर्ष की महिलाएं पात्र होंगी। महंगाई का बोझ कम करने के लिए 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। लोगों की कठिनाई कम करने के लिए बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं को 6 हजार रुपए पेंशन देगी। रिटायर्ड कर्मचारियों का जीवन आसान बनाने के लिए ओपीएस लागू किया जाएगा। युवाओं को बेहतर भविष्य दिया जाएगा। 2 लाख खाली पदों को भरा जाएगा। हरियाणा को नशा मुक्त बनाया जाएगा। 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। उदयभान ने कहा कि चिरंजीवी योजना की तर्ज पर 25 लाख रुपये का मुफ्त इलाज कराया जाएगा। गरीब परिवारों को 100 गज के प्लॉट दिए जाएंगे। हम कानूनी एमएसपी गारंटी सुनिश्चित करेंगे।

दिल्ली में AICC मुख्यालय में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र के हिस्से के रूप में गारंटी कार्ड जारी किया गया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान भी मौजूद रहे।

हरियाणा के लिए कांग्रेस की गांरटी

  • जाति जनगणना कराई जाएगी. क्रीमीलेयर की सीमा 10 लाख रुपए तक बढ़ाई जाएगी।
  • 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और 25 लाख रुपए तक मुफ्त चिकित्सा उपचार दिया जाएगा।
  • महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपए दिए जाएंगे। 500 रुपए में सिलेंडर प्रदान किया जाएगा।
  • 2 लाख रिक्त पदों पर भर्ती की जाएंगी। नशा मुक्त हरियाणा पहल की जाएगी।
  • वृद्धावस्था, दिव्यांगता और विधवा पेंशन 6000 रुपए होगी। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली होगी।
  • न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी दी जाएगी। तत्काल फसल मुआवजा मिलेगा।
  • गरीबों के लिए आवास लाएंगे। 100 गज का प्लॉट दिया जाएगा। 3.5 लाख रुपये की लागत वाला 2 कमरों का घर दिया जाएगा।