दिल्ली प्रदेश कांगे्रस ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित उनके आवास के बाहर डेंगू के बढ़ते मामलों को रोक पाने में उनकी सरकार के कथित तौर पर विफल रहने के विरोध में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने आरोप लगाया कि आप सरकार स्थिति से निपटने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं थी। उन्होंने कहा कि विपक्षी कांग्रेस पार्टी डेंगू की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चला सकती है लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली सरकार ने इस बाबत समय पर कुछ नहीं किया।

माकन ने बीमारी के फैलने और इस वजह से हुई मौतों के लिए केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी चाको ने हालत को ‘‘आपात’’ स्थिति करार दिया और दिल्ली में डेंगू को रोक पाने में विफलता के लिए सरकार की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि लोग मर रहे हैं और सरकार बिस्तरों का इंतजाम करने में व्यस्त है। बीमारी से हजारों प्रभावित हैं जबकि अस्पतालों में बेड, दवाइयां, और परीक्षण किट्स नहीं है।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता किरण वालिया ने कहा कि हम डेंगू की रोकथाम के लिए तैयार रहते थे और बीमारी फैलने से कम से कम छह महीने पहले एमसीडी और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक करते थे।

उन्होंने कहा कि निवारक उपायों और उपचार के लिए तैयारियां मई में ही शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन मुख्यमंत्री सीवाईएसएस :आप छात्र इकाई: के साथ और रॉक कंसर्ट में व्यस्त थे।