कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को पटना के गांधी मैदान में एक रैली को संबोधित करने वाले हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक ही प्लेन में सवार होकर रैली-स्थल के लिए दिल्ली से रवाना हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर किया, जिसमें उनके साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और वरिष्ठ नेता अहमद पटेल हैं। फोटो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि नेताओं को एक लाइन में बैठाना मुश्किल भरा काम था।

राहुल ने लिखा, “बिहार स्थित गांधी मैदान में कांग्रेस की रैली के लिए अपने नए मुख्यमंत्रियों और पार्टी के कोषाध्यक्ष के साथ हम लोग रवाना हो चुके हैं। इन सभी महानुभावों को एक ही कतार में बैठाना बेहद ही मुश्किल काम था। लेकिन, हमने उन्हें बैठा लिया।”

गौरतलब है कि पटना के गांधी मैदान में 30 साल बाद कांग्रेस रैली करने जा रही है। कांग्रेस ने इस रैली को हिट बनाने के लिए काफी मेहनत की है। कार्यकर्ताओं का हुजूम पहले ही पटना में पहुंच गया था। कांग्रेस की इस रैली में शामिल होने के लिए महागठबंधन के साझेदारों तेजस्वी यादव, उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी को भी आमंत्रित किया गया है। गौरतलब है कि कांग्रेस बिहार में महागठबंधन का हिस्सा है। यहां आरजेडी, आरएलएसपी, एचएएम का गठबंधन है। सहयोगी दलों के नेताओं के आने की बात कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल ने शनिवार को बताई। अभी तक कार्यक्रम में जीतनराम मांझी को छोड़ आरजेडी और आरएलएसपी के नेताओं ने रैली में शिरकत करने की पुष्टि नहीं की है।