देश में बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को विपक्षी दलों का विरोध झेलना पड़ रहा है। बता दें कि ओडिशा के पुरी पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के ऊपर कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा स्याही फेंकने का मामला सामने आया है। दरअसल पेट्रोल, डीजल और अन्य जरुरी चीजों के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संजीव बालियान को उस वक्त घेर लिया जब केंद्रीय मंत्री का काफिला मार्केट स्क्वायर से गुजर रहा था।
इस दौरान नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के वाहन पर काली स्याही फेंक दी। इंडिया टुडे से बात करते हुए एनएसयूआई ओडिशा के अध्यक्ष यासिर नवाज ने कहा कि मुद्रास्फीति और एलपीजी सिलेंडर सहित रोजमर्रा की जरुरी चीजों के बढ़ते दामों के चलते आज हर घर में परेशानी है। लोग आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि से प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा, “लोगों की इनकम नहीं बढ़ रही लेकिन परिवार चलाने का खर्च लगातार आसमान छू रहा है। भाजपा अन्य गैर-प्रासंगिक मुद्दों को उठाकर आम आदमी का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।” उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के कार्यकर्ता ओडिशा के दौरे पर आने वाले किसी भी केंद्रीय मंत्री का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि हम आम आदमी को प्रभावित करने वाले मुद्दों का विरोध करेंगे।
मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे मंत्री: हालांकि स्याही फेंकने की घटना के बाद हुए हंगामे के बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मौके से खदेड़ दिया। गौरतलब है कि मंत्री संजीव बाल्यान का काफिला श्रीमंदिर में त्रिदेव के दर्शन कर लौट रहा था। हालांकि जानकारी के मुताबिक स्याही मंत्री पर नहीं गिरी। गाड़ी पर गिरी स्याही के धब्बे वाली फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
इससे पहले संबित पात्रा पर फेंकी गई थी स्याही: बता दें कि कांग्रेस की स्टूडेंट विंग द्वारा किया इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस की छात्र शाखा के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा पर भी काली स्याही फेंकी थी और काला झंडा फहराया था।