अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए इस समय देशभर में चंदा इकट्ठा किया जा रहा है। इस बीच मध्य प्रदेश में कांग्रेस के विधायक कांतिलाल भूरिया ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता चंदा के नाम पर पैसा लेकर दारू पी जाते हैं।
अब इस बात को लेकर बहुत सारे लोग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

भूरिया ने कहा कि भाजपा का लंबे वक्त से यही एक नारा है कि मंदिर बनाना है। भाजपा के नेता घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा कर रहे हैं और शाम को दारू पी रहे हैं। वह भगवान राम का मंदिर बनवाने की बात करते हैं लेकिन हिसाब नहीं देते कि अब तक जो चंदा इकट्ठा किया गया, वह कहां रखा गया है।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा के नेता कई साल से हजारों करोड़ रुपये चंदा के नाम पर इकट्ठा कर चुके हैं। यह आखिर जाता कहां है। दिन में वे चंदा मांगते हैं और उसी पैसे से रात में दारू पी जाते हैं।’ इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कहा, ‘जो भी चंदा इकट्ठा होता है सीधा श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र के ट्रस्ट में जाता है।’

भूरिया पर पलटवार करते हुए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाबर ने कहा कि वह बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर भूरिया का यही मानना है तो उन्हें सबूत देने चाहिए। भाबर ने कहा कि कांग्रेस के लोग राम मंदिर का निर्माण पचा ही नहीं पा रहे हैं इसी वजह से गलतबयानी कर रहे हैं।

बता दें कि कांतिलाल भूरिया झाबुआ से विधायक हैं और दो बार केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। भूरिया पांच बार सांसद चुने जा चुके हैं। झाबुआ के पेटलावद में एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए भूरिया ने यह विवादित बयान दिया। भाजपा नेता ने कहा कि कि भूरिया को इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए। इस बयान के बाद मध्य प्रदेश में राम मंदिर को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है।