देश में चुनावी रुख भांपने के लिए कांग्रेस की पहल का असर अब दिखने लगा है। कांग्रेस को सबसे अधिक दक्षिण के राज्य आंध्र प्रदेश से आर्थिक सहयोग मिला है, जबकि दूसरे पायदान पर राजस्थान और तीसरे स्थान पर हरियाणा है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर ‘आपका योगदान न्याय अभियान’ की शुरुआत की थी। कांग्रेस के मुताबिक, इस मुहिम के तहत सोमवार तक 23 करोड़ से अधिक की राशि उसके खाते में जमा हुई है।
इस अभियान के तहत कांग्रेस को उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक आर्थिक सहयोग मिला है। यहां का सहयोग 11.7 फीसद है, जबकि राजस्थान में 11.4, महाराष्ट्र में 9.8, मध्य प्रदेश में 5.6 और बिहार में 5.5 फीसद आर्थिक सहयोग मिला है। इस आनलाइन व्यवस्था में अधिक दान देने वालों राज्यों के अतिरिक्त पार्टी इसके माध्यम से यह भी निगरानी कर पाने में सक्षम है कि उसे किस राज्य के कितने फीसद लोगों से धनराशि मिल रही है। जबकि, न्याय के लिए आर्थिक सहयोग देने वालों में सबसे आगे राजस्थान, हरियाणा, तेलगांना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश रहे हैं। दोनों ही श्रेणी में सबसे अधिक पैसा कांग्रेस को युवाओं ने दिया है, जबकि पेशेवर और अल्पसंख्यक विभाग दूसरी श्रेणी में रहे हैं।
इस राशि में कांग्रेस दो श्रेणी में आनलाइन दान ले रही है। कोई भी आम नागरिक सीधे आनलाइन माध्यम से कांग्रेस द्वारा तय विभिन्न पांच श्रेणी के तहत अपना योगदान दे सकता है। इस दान के लिए राहुल गांधी की 6700 किलोमीटर लंबी न्याय यात्रा को आधार बनाया गया है। इसमें एक पैसा प्रति किलोमीटर के हिसाब से दान की राशि तय की गई है।
इस तरह भी एक व्यक्ति केवल 67 रुपए देकर इस अभियान में कांग्रेस की न्याय यात्रा का भागीदार बन सकता है। बीते रविवार तक कांग्रेस को इस मद में 22,92,47, 156 रुपए का दान मिला, जो सोमवार को बढ़कर 23,03,59,406 रुपए हो गया था। इस राशि में एक ही दिन के अंतर में करीब डेढ़ लाख रुपए से अधिक इजाफा दर्ज हुआ। देश भर के राज्यों में हुए चुनाव के बाद पार्टी का जमीनी असर जांचने के लिए कांग्रेस की तरफ से दो बड़ी पहल शुरू की गई थी।
इनमें एक बड़ी पहल आपका योगदान न्याय का अभियान और दूसरी पहल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रही है। पार्टी का मानना है कि ये दोनों ही मुहिम सफल साबित हुई हैं। इस मुहिम को जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके अतिरिक्त गठबंधन की उलझी बातें भी पटरी पर आने लगी हैं, इसका सीधा असर आगामी लोकसभा चुनाव में नजर आ सकता है।
18 वर्ष की आयु वालों को जोड़ना था लक्ष्य
पार्टी से अधिक से अधिक नए मतदाता जोड़े जा सके, इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने 18 वर्ष आयु वाले मतदाताओं को ध्यान में रख रखकर यह मुहिम तैयार की गई थी। पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने बताया था कि इस मुहिम में शामिल होने के लिए जो भी लोग आर्थिक सहयोग करना चाहते हैं, उनका भारतीय नागरिक होना जरूरी है।
इस मुहिम की सबसे खास बात यह थी कि इसने अपने शुरुआत के पहले ही दिन रफ्तार पकड़ ली थी। पार्टी के मुताबिक शुरुआती आठ घंटों में ही कांग्रेस के पास 1.06 करोड़ रुपए से अधिक चंदा आया था। मंगलवार देर रात करीब नौ बजे तक कांग्रेस के पास करीब 23.11 करोड़ रुपए का चंदा आया है और इसमें न्याय के लिए 6.19 करोड़ रुपए की राशि शामिल है।
पारदर्शी है कांग्रेस का तंत्र, आनलाइन होता है भुगतान
इसकी शुरुआत पार्टी के 138 वें स्थापना दिवस पर हुई थी और जनता अधिक से अधिक पार्टी से जुड़ सके। इसके लिए चंदे की राशि को नाममात्र रखा गया था और पूरे तंत्र को पारदर्शी बनाने के लिए यह व्यवस्था आन लाइन की गई थी। इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर दस घर का लक्ष्य दिया गया था और इसके अंशदान केवल 138 रुपए सुनिश्चित किया गया था। इस मुहिम की शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई थी।