भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों पर एक बार फिर बयान दिया है। पूर्व सांसद ने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप साजिश थे और इसके पीछे कांग्रेस का हाथ था। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा,”जब मेरे खिलाफ आरोप लगाए गए थे तो मैंने कहा था कि यह कांग्रेस, दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र हुड्डा की साजिश है, यही बात आज देश भी कह रहा है। अब मुझे इस बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है।”
मंच पर भावुक हुए बृजभूषण शरण सिंह
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा एक निजी विद्यालय में आयोजित स्मार्टफोन और टेबलेट वितरण कार्यकर्म में पहुंचे थे, तभी मंच से बोलते हुए एमएलसी अवधेश सिंह महिला पहलवानों के आंदोलन का ज़िक्र कर दिया। इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए और उनकी आँखों से आंसू छलक गए।
बृजभूषण सिंह पर महिला पहलवानों ने लगाए थे गंभीर आरोप
भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर देश की मशहूर पहलवान खिलाड़ी साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और पहलवान बजरंग पूनीया ने यौन शोषण से जुड़े गंभीर आरोप लगाए थे। महिला पहलवानों ने उनके ख़िलाफ़ यौन शोषण का मामला दर्ज किया था। दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने उनके आरोप भी तय कर दिए थे।
अब विनेश फोगाट और बजरंग पूनीया के कांग्रेस में जाने की चर्चा
बृजभूषण सिंह का बयान ऐसे समय में आया है जब पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनीया के कांग्रेस में जाने और हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है। विनेश फोगाट के पेरिस से भारत लौटने पर कांग्रेस नेता दीपेन्द्र हुड्डा एयरपोर्ट पर उनके साथ दिखाई दिए थे, जिसके बाद कई सियासी चर्चाओं का हवा मिली थी। अब बृजभूषण सिंह का बयान भी इससे जोड़ कर देखा जा सकता है।