Citizenship Amendment ACT (CAA) 2019 Protest News Updates: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस पर नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। शाह ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के पारित होने से विपक्षी दल को पेट दर्द होने लगा है। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 21 दिसंबर (शनिवार) को बिहार बंद बुलाया है। पार्टी के ट्विटर हैंडल से कहा गया है कि बिहार बंद 21 दिसंबर, शनिवार को ही रहेगा क्योंकि 22 दिसंबर को बिहार पुलिस बहाली की परीक्षा है। नौजवानों और परीक्षार्थियों को बिहार बंद के चलते परीक्षा स्थल पर पहुँचने में किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो इसलिए बिहार बंद अब शनिवार, 21 दिसंबर को रहेगा। इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार और सोमवार को पूर्वोत्तर के दो राज्यों मेघालय और अरुणाचल प्रदेश का अपना दौरा रद्द कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शाह का यह दौरा ऐसे समय रद्द किया गया है जब मेघालय और असम में नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं अमेरिका और ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए ट्रेवैल एडवाइजरी जारी की है। दोनों देशों ने अपने नागरिकों से कहा है कि इस क्षेत्र की यात्रा करते समय अधिक सावधानी बरतें।    
Live Updates

Live Blog

Highlights

    21:57 (IST)14 Dec 2019
    सोनोवाल नागरिकता संशोधन अधिनियम के मुद्दे पर हो रहे प्रदर्शन को लेकर मिलेंगे मोदी एवं शाह से

    असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल की अगुवाई में एक टीम नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ राज्य में चल रहे विरोध प्रदर्शन पर चर्चा करने के लिए शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलेगी।  असम के संसदीय कार्य मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने शनिवार को बताया कि स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को बताने का फैसला यहां भाजपा विधायकों और सांसदों की एक बैठक में किया गया है।

    21:20 (IST)14 Dec 2019
     एआईएमआईएम हरसंभव तरीके से कानून के खिलाफ लड़ेगी: औवेसी

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इ्त्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी ने शनिवार को कहा कि उन्होंने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में जनहित याचिका दायर की है। औवेसी ने ट्वीट किया, "मैंने सीएए के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। एआईएमआईएम भारत के बहुलवादी, धर्मनिरपेक्ष संवैधानिक लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए लड़ाई लड़ेगी।

    17:43 (IST)14 Dec 2019
    नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन, 15 बसों में लगाई आग

    नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए। कई बसों और एक रेलवे स्टेशन परिसर में आगजनी की गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने करीब 15 बसों को आग के हवाले कर दिया, जिनमें सार्वजनिक के साथ-साथ निजी बसें भी शामिल हैं।

    17:11 (IST)14 Dec 2019
    असम में फंसे यात्रियों की मदद के लिए विशेष ट्रेनें

    संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के बीच असम में फंसे यात्रियों की मदद के लिए रेलवे गुवाहाटी से विशेष ट्रेनों का परिचालन कर रहा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। शुक्रवार को एक ऐसी ही ट्रेन का परिचालन दीमापुर के लिए किया गया । असम के गोलाघाट एवं डिब्रूगढ़ जिले के मुख्य जंक्शन फुरकेंटिग के लिए शनिवार को ट्रेनों का परिचालन किया गया।

    16:41 (IST)14 Dec 2019
    नागरिकता कानून समाज को बांटने वाला और संविधान की मूल भावना की खिलाफ: कमलनाथ

    मध्यप्रदेश में नागरिकता :संशोधन: कानून को लागू नहीं करने के संकेत देते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि यह कानून समाज को बांटने वाला और संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।

    16:07 (IST)14 Dec 2019
    नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन : जामिया में पांच जनवरी तक छुट्टी, परीक्षा रद्द

    नागरिकता (संशोधन) कानून, 2019 के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन और विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए शनिवार को जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने पांच जनवरी तक छुट्टी की घोषणा कर दी और सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया।

    15:21 (IST)14 Dec 2019
     पश्चिम बंगाल में CAA के विरोध में प्रदर्शन जारी, कई जगह सड़क एवं रेल मार्ग बाधित

    पश्चिम बंगाल में नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ शनिवार को जारी प्रदर्शन के तहत प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर सड़कें एवं रेल मार्ग बाधित रखे। पुलिस ने बताया कि मुर्शिदाबाद और उत्तरी 24 परगना जिलों और हावड़ा (ग्रामीण) से ंिहसा की खबरें मिली हैं। उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग 34 और जिले की गई अन्य सड़कों को बाधित कर दिया गया।

    14:46 (IST)14 Dec 2019
    हिंसक प्रदर्शन के खिलाफ ममता बनर्जी ने दी चेतावनी

    नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ बंगाल में हिंसक  विरोध प्रदर्शन, तोड़-फोड़ के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

    14:15 (IST)14 Dec 2019
    पूर्वोत्तर की संस्कृति, सामाजिक पहचान, भाषा से छेड़छाड़ नहीं होगीः शाह

    केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने  नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में असम में जारी प्रदर्शनों पर कहा कि मैं पूर्वोत्तर राज्यों को आश्वासन देता हूं कि उनकी संस्कृति, सामाजिक पहचान, भाषा और राजनीतिक अधिकारों से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी और मोदी सरकार उनकी रक्षा करेगी।

    14:13 (IST)14 Dec 2019
    17 वर्षीय ईसाई लड़के को दफनाने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण

    कथित रूप से पुलिस गोलीबारी में जाने गंवाने वाले 17 वर्षीय ईसाई लड़के को दफनाने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कुछ स्थानीय लोग उसे ‘शहीद’ बता रहे थे। हाटीगांव में रहने वाला सैफ स्टेफोर्ड लतासिल मैदान से लौट रहा था और उस दौरान नामगढ़ के पास उसे ‘गोली लगी’ जिसके बाद बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। लतासिल मैदान में गायक जुबीन गर्ग ने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों की समर्थन में प्रस्तुति दी थी। स्टेफोर्ड के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि चार पहिया गाड़ी पर आए कुछ लोगों ने देर शाम नामगढ़ में लोगों के समूह पर गोलीबारी कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

    14:12 (IST)14 Dec 2019
    पूरे असम में इंटरनेट सेवाओं पर रोक 16 दिसंबर तक बढ़ी

    नागरिकता संशोधन बिल के विरोध के मद्देनजर  समूचे असम में इंटरनेट सेवाओं पर रोक को 16 दिसंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है। एक अधिकारी ने इस बाबत जानकारी दी।

    12:48 (IST)14 Dec 2019
    10 जिलों में इंटरनेट बंदी जारी

    असम के 10 जिलों में अभी भी इंटरनेट सेवा बंद है। इस बीच राज्य सरकार के शांति के दावे के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में हिंसक विरोध प्रदर्शन और सड़क पर आगजनी हुई। आंदोलन कर रहे नेताओं ने घोषणा की कि विरोध केवल दिन के दौरान ही आयोजित किया जाएगा।

    11:49 (IST)14 Dec 2019
    मुंबई के आजाद मैदान में असमवासियों का प्रदर्शन

    मुंबई के आजाद मैदान में असम के रहने वाले लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। इसमें एक्टर दीपनीता शर्मा भी मौजूद थीं।

    11:46 (IST)14 Dec 2019
    मिजोरम में भी कर्फ्यू में ढील

    नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ जारी प्रदर्शन के मद्देनजर मेघालय के शिलॉन्ग में लगाए गए कर्फ्यू में स्थिति बेहतर होने के बाद सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक ढील दी गई है। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

    11:34 (IST)14 Dec 2019
    CAB के विरोध में RJD ने बुलाया बिहार बंद

    बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 21 दिसंबर (शनिवार) को बिहार बंद बुलाया है। पार्टी के ट्विटर हैंडल से कहा गया है कि बिहार बंद 21 दिसंबर, शनिवार को ही रहेगा क्योंकि 22 दिसंबर को बिहार पुलिस बहाली की परीक्षा है। नौजवानों और परीक्षार्थियों को बिहार बंद के चलते परीक्षा स्थल पर पहुँचने में किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो इसलिए बिहार बंद अब शनिवार, 21 दिसंबर को रहेगा।

    11:07 (IST)14 Dec 2019
    वेस्ट यूपी में मुस्लिम संगठनों का आंदोलन

    पश्चिम यूपी के सहारनपुर, मेरठ, बरेली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, बागपत और अलीगढ़ में मुस्लिम संगठनों ने आंदोलन किया। हालांकि जिला प्रशासन ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों को नए कानून के खिलाफ मार्च निकालने से रोक दिया।

    10:42 (IST)14 Dec 2019
    नागालैंड में स्कूल-कॉलेज बंद

    CAB के विरोध में हो रहे उग्र आंदोलन को देखते हुए नागालैंड में अधिकारियों ने स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। शनिवार को राजधानी कोहिमा के कई इलाकों में बाजार बंद कर दिए गए और कुछ हिस्सों में वाहनों का परिचालन भी बंद कर दिया गया। नागा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) ने राज्य में छह घंटे के बंद का आह्वान किया है। फेडरेशन ने संशोधित नागरिकता अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।

    10:37 (IST)14 Dec 2019
    जामिया के छात्र परीक्षा का करेंगे बहिष्कार

    नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों ने शनिवार को परीक्षाओं के बहिष्कार करने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत छात्र विश्वविद्यालय को बंद करा रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से 5 बजे के बीच परीक्षा देने आए इंजीनियरिंग संकाय के छात्र ने दावा किया है सड़कों पर आंसू गैस को गोले छोड़े जा रहे थे और अंदर परीक्षा देने वाले छात्र आंसू बहा रहे थे।

    09:33 (IST)14 Dec 2019
    गुवाहाटी में कर्फ्यू में ढील दी गई

    गुवाहाटी पुलिस ने कहा कि संशोधित नागरिकता अधिनियम के विरोध में गुवाहाटी में लगाए गए कर्फ्यू में शनिवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ढील दी गई। हालांकि, स्कूल और कार्यालय बंद रहेंगे। इस बीच दिसपुर, उझान बाजार, चंदमारी, सिलपुखुरी और चिड़ियाघर रोड सहित कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। ऑटो-रिक्शा और साइकिल-रिक्शा शहर भर में घूम रहे थे। हालांकि, बसें सड़कों से दूर थीं।