रक्षा मामलों से जुड़ी एक वेबसाइट ‘मिलिट्री डायरेक्ट’ ने रविवार को दुनिया के सबसे ताकतवर सैन्य देशों की सूची जारी की है। इस लिस्ट के अनुसार सैन्य ताकत के मामले में चीन ने सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। वहीं भारत को इस लिस्ट में चौथे स्थान पर रखा गया है। मिलिट्री डायरेक्ट द्वारा इस लिस्ट को सभी तरह के संसाधनों जैसे सैन्य कर्मियों की संख्या, औसत उपकरण समेत कई अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
मिलिट्री डायरेक्ट वेबसाइट की रिपोर्ट में यह कहा गया है कि दुनिया में सबसे ताकतवर सेना चीन की है। चीन इस लिस्ट में 82 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। सेना पर अच्छा ख़ासा पैसा खर्च करने वाला अमेरिका 74 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद 69 अंकों के साथ रूस तीसरे और 61 अंकों के साथ भारत चौथे तथा 58 अंकों के साथ फ्रांस पांचवें नंबर पर है। वहीं ब्रिटेन इस लिस्ट में 43 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है। इस लिस्ट में सभी देशों की सैन्य ताकत को मापने के लिए अधिकतम अंक 100 रखा गया था।
रिपोर्ट में यह कहा गया है कि बजट, सभी तरह के सैन्य कर्मियों की संख्या, जल, थल, वायु तथा परमाणु संसाधन, सैन्य कर्मियों के वेतन और सभी तरह के उपकरणों की संख्या समेत कई अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर इस सूचकांक को तैयार किया गया है। वेबसाइट के अनुसार अमेरिका दुनिया में सेना पर सबसे अधिक 732 अरब डॉलर खर्च करता है। इसके बाद चीन दूसरे नंबर पर है और वह 261 अरब डॉलर तथा भारत 71 अरब डॉलर खर्च करता है।
साथ ही इस रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अगर कोई लड़ाई होती है तो समुद्री लड़ाई में चीन जीतेगा, वायु क्षेत्र वाली लड़ाई में अमेरिका और जमीनी लड़ाई में रूस जीतेगा।
इस वेबसाइट में छपी रिपोर्ट में कई और भी दावे किये गए हैं। वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार चीन समुंद्री लड़ाई में 278 जहाज के साथ रूस से युद्ध जीत सकता है। साथ ही उसे अमेरिका और भारत से युद्ध जीतने के लिए 202 समुद्री जहाजों की जरूरत होगी।

