छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने शुक्रवार को अपने मंत्रियों में विभागों का बंटवारा कर दिया। दोनों उपमुख्यमंत्रियों में से अरुण साव को लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विधि और विधायी कार्य तथा नगरीय प्रशासन विभाग सौंपा गया है। दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को गृह एवं जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
ओपी चौधरी को मिला वित्त और श्याम बिहारी होंगे स्वास्थ्य मंत्री
ओपी चौधरी को वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक तथा सांख्यिकी विभाग का कार्यभार दिया गया है।श्याम बिहारी जायसवाल को जन स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग दिया है।
सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा विभाग सीएम के पास है
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पास सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, वाणिज्यिक कर (आबकारी) और परिवहन विभाग रखा है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, संसदीय कार्य, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी है।
राम विचार नेताम के पास आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने बताया कि साय मंत्रिमंडल के सदस्य दयाल दास बघेल खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और केदार कश्यप वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता विभाग के मंत्री होंगे।
लखनलाल देवांगन को वाणिज्य और उद्योग एवं श्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण और टंकराम वर्मा को खेलकूद एवं युवा कल्याण तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है।
विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 54 सीट जीतकर विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार बनाई है। इस चुनाव में कांग्रेस को 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को एक सीट मिली है। चुनाव में जीत के बाद 13 दिसंबर को एक समारोह में विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री तथा अरुण साव और विजय शर्मा ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।