छत्तीसगढ़ में 20 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। इस बीच सुकमा और कांकेर में नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए हैं तो वहीं 3 जवान भी घायल हुए हैं। सुकमा में कोबरा 206 के जवानों के साथ हो मुठभेड़ हो रही है। मीनपा में पोलिंग पार्टी को सुरक्षा देने के लिए जवान जंगलों में तैनात थे। इसी दौरान यहां नक्सलियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई।

कांकेर ज़िले में बंदे थाना क्षेत्र में बीएसएफ़ एवं डीआरजी की टीम मतदान के लिए एरिया डोमिनेशन पे निकली थी। इसी दौरान डीआरजी के साथ पानावर के पास क़रीब 1 बजे नक्सलियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। यहां पर सुरक्षाबलों ने कुछ नक्सलियों को मार गिराया। हालांकि अभी तक संख्या का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल से AK47 बरामद की गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ को लेकर कहा, “कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में नक्सलियों और बीएसएफ और डीआरजी की टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना स्थल से AK47 बरामद की गई है। इलाके में सर्चिंग जारी है। कुछ नक्सलियों के घायल होने या मारे जाने की संभावना भी है।”

IED ब्लास्ट में एक जवान घायल

इससे पहले छत्तीसगढ़ के सुकमा के टोंडामरका इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में CRPF कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया था। जवान को चुनाव ड्यूटी में तैनात किया गया था।

छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड मतदान

बस्तर संभाग की 12 सीटों और दुर्ग संभाग की आठ सीटों पर आज मतदान हुआ। शाम सवा सात बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 71.11% मतदान हुआ। पहले चरण में जिन 20 सीटों पर मतदान हुआ, वहां 2018 में कुल 77.23% वोटिंग हुई थी। सबसे ज्यादा मतदान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में हुआ। यहां 76.31% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बीजापुर जिले में सबसे कम वोटिंग हुई। यहां केवल 40.98 फीसदी वोटिंग हुई। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव सीट से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर शाम पांच बजे तक 74.00 फीसदी वोटिंग हुई। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 78.87 फीसदी मतदान हुआ था।