चंद्रयान 3 भारत का एक ऐसा मिशन है जो इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। पहले तो इस बार चांद के दक्षिणी ध्रुव पर जाने की तैयारी है, ये अपने आप में बड़ी बात है। इसके ऊपर जितने बजट में ये कमाल किया जा रहा है, वो भी हैरान करने वाला है। भारत का चंद्रयान 3 मिशन 615 करोड़ रुपये का है। इससे दोगुना, बल्कि कह सकते हैं कि तीन गुना पैसा खर्च कर अमेरिका, चीन और रूस ने चांद तक का सफर तय किया है। लेकिन ये भारत हैं, जहां पर पैसा भी बचता है, इतिहास भी रचता है और नए कीर्तिमान भी स्थापित करके दिखाए जाते हैं।

आपको ये जान हैरानी होगी कि जितना चंद्रयान 3 का बजट है, उसका डबल पैसा किसी साधारण सी हॉलीवुड फिल्म पर खर्च कर दिया जाता है। अगर कोई बॉलीवुड का डायरेक्टर ज्यादा ही बड़े सपने देख ले, तो वो भी 500 करोड़ से ज्यादा तो यूं ही खर्च करवा देता है। यानी कि ये कहना गलत नहीं होगा कि हजारों करोड़ खर्च करके भी हॉलीवुड-बॉलीवुड फिल्में फ्लॉप हो जाती हैं, लेकिन उससे कम पैसों में भारत चांद तक का सफर तय करने जा रहा है।

आइए उन फिल्मों पर नजर डालते हैं जिनसे कम बजट में भारत का चंद्रयान 3 का सपाना पूरा होने जा रहा है-

अवतार 2

जेम्स कैमरून की महत्वाकांक्षी फिल्म अवतार 2 बहुत बड़ी सक्सेस साबित हुई। उस फिल्म ने लोगों को पानी की एक ऐसी दुनिया से रूबरू करवाया जिसे देख सभी हैरान रह गए। हैरान होने की बात भी थी, इससे पहले किसी फिल्म ने उस लेवल के VFX नहीं दिखाए थे। जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया, वो भी सभी को सोचने पर मजबूर कर गया। अब फाइनल प्रोडक्ट इतना अच्छा इसलिए था क्योंकि उस पर पानी की तरह पैसा बहाया गया था। अवतार 2 पर भारतीय रुपये में बात करें तो 2895 करोड़ के करीब खर्च किए गए थे। हमारे चंद्रयान 3 का बजट कितना है- मात्र 615 करोड़।

आदिपुरुष

ओम राउत की आदिपुरुष तो इस साल की शायद सबसे चर्चित फिल्म साबित हो सकती है। विवाद इतने ज्यादा रहे कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तो औंधे मुंह गिरी ही, सबसे बड़ी फ्लॉप भी साबित हो गई। अब उस फिल्म का बजट 700 करोड़ था। इतना पैसा भी इसलिए खर्च किया गया क्योंकि VFX हॉलीवुड लेवल चाहिए थी। पहले फिल्म का बजट कुछ कम था, लेकिन टीजर पर मचे बवाल के बाद ही और पैसा खर्च कर एक बनावटी दुनिया बनाने का काम किया गया। नतीजा सभी को पता है, लेकिन बड़ी बात ये है कि भारत का चंद्रयान 3 उससे भी कम रुपये में ज्यादा संभावना के साथ चांद पर सटीक लैंडिंग कर सकता है।

जॉन कार्टर

Andrew Stanton की साइंस फिक्शन फिल्म जॉन कार्टर हॉलीवुड की उन फिल्मों में शुमार है जिन पर पैसा पानी की तरह खर्च हुआ, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर वो फुस साबित हुईं। साल 2012 में रिलीज हुई इस फिल्ल का बजट हैरान कर देने वाला था। 132 मिनट की उस फिल्म पर मेकर्स ने पूरे 1720 करोड़ रुपये खर्च कर डाले थे। लेकिन बताया जाता है कि उस साल की ये एक सबसे बड़ी फ्लॉप थी और मेकर्स को काफी नुकसान झेलना पड़ा था।

द एडवेंचर्स ऑफ प्लूटो नाश

साल 2002 में हॉलीवुड ने स्काई-फाई और कॉमेडी का एक बड़ा एक्सपेरिमेंट करने का प्रयास किया था। उसी प्रयास में दर्शकों के सामने आई थी Eddie Murphy की फिल्म द एडवेंचर्स ऑफ प्लूटो नाश। उस फिल्म पर इतने साल पहले 650 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए थे। लेकिन बताया जाता है कि उस फिल्म ने जितना नुकसान झेला, उतने में भारत का चंद्रयान 3 मिशन बनकर तैयार हुआ है।

मिशन इमपॉसिबल 7

टॉम क्रूज की मिशन इमपॉसिबल 7 रिलीज हो चुकी है। अपने धुंआधार एक्शन की वजह से फिल्म लगातार सुर्खियां बटोर रही है। इस फिल्म का बजट जान आपके होश उड़ जाएंगे क्योंकि उतने रुपये चंद्रयान 3 को दो से तीन बार लॉन्च किया जा सकता है। असल में टॉम क्रूज की इस फिल्म पर कुल खर्च 2,385 करोड़ किया गया है, वहीं चंद्रयान पर आया खर्च 615 करोड़ है।

एवेंजर्स एंडगेम

एवेंजर्स के फैन्स तो जितने अमेरिका में भरे पड़े हैं, उससे ज्यादा तो भारत में इसने अपनी लोकप्रियता कमाई है। इसके जितने भी पार्ट अभी तक आए हैं, सभी एक से बढ़कर एक रहे हैं और बॉक्स ऑफिस पर हर बार आंधी की गारंटी देकर गए हैं। इसी कड़ी में आई फिल्म एवेंजर्स एंडगेम को पहले की तुलना में और ज्यादा ग्रैंड बनाने के लिए काफी पैसा खर्च किया गया था। एक आंकड़ा बताता है कि मेकर्स ने पूरे 2,443 करोड़ रुपये खर्च करने का काम किया था।