ISRO की तरफ से चंद्र मिशन चंद्रयान-3 को लेकर बड़ा अपडेट आया है। ISRO ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि रोवर प्रज्ञान की मूवमेंट प्लान के हिसाब से हो रही है। चंद्रमा के सतह पर रोवर प्रज्ञान अबतक 8 मीटर का चला है। ISRO ने ट्वीट कर रोवर प्रज्ञान की मूवमेंट को लेकर कहा, “सभी प्लांड रोवर मूवमेंट वेरिफाई कर ली गई हैं। रोवर ने लगभग 8 मीटर की दूरी सफलतापूर्वक तय कर ली है। रोवर पेलोड LIBS और APXS चालू हो चुके हैं। प्रोपल्शन मॉड्यूल, लैंडर मॉड्यूल और रोवर पर सभी पेलोड nominally प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले शुक्रवार सुबह ISRO ने चंद्रयान-3 मिशन के रोवर ‘प्रज्ञान’ के लैंडर ‘विक्रम’ से बाहर निकलने और इसके चंद्रमा की सतह पर चलने का एक शानदार वीडियो जारी किया था। यह वीडियो लैंडर के इमेजर कैमरे ने बनाया है। ISRO ने इस वीडियो को साझा करते हुए संदेश लिखा, “… और चंद्रयान-3 का रोवर, लैंडर से निकलकर इस तरह चंद्रमा की सतह पर चला।”
ISRO ने चंद्रयान-3 के लैंडर के चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने के बाद चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर हाई रेजोल्यूशन कैमरा (ओएचआरसी) से ली गई उसकी तस्वीर भी जारी की। इसरो ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, “… चंद्रयान-2 ऑर्बिटर ने चंद्रयान-3 लैंडर की तस्वीरें लीं। चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर हाई-रेजोल्यूशन कैमरा (ओएचआरसी) चंद्रमा की परिक्रमा कर रहे वर्तमान में मौजूद सभी कैमरों की अपेक्षा में सर्वश्रेष्ठ रेजोल्यूशन वाला कैमरा है। इसने 23 अगस्त 2023 को चांद की सतह पर उतरे चंद्रयान-3 लैंडर को कैमरे में कैद किया।”
2019 में लॉन्च किया गया था चंद्रयान-2 ऑर्बिटर
चंद्रयान-2 ऑर्बिटर को 2019 में लॉन्च किया गया था। यह अब भी चंद्रमा के चारों ओर चक्कर लगा रहा है। ‘प्रज्ञान’ के साथ ‘विक्रम’ बुधवार को अपने मकसद के लिए निर्धारित “क्षेत्र के भीतर” चंद्रमा की सतह पर उतरा था। चंद्रमा की सतह पर उतरने के कुछ घंटों बाद 26 किलोग्राम वजनी छह पहियों वाला रोवर, लैंडर से बाहर निकला। ISRO ने गुरुवार शाम कहा था, “सभी गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी हैं। सभी प्रणालियां सामान्य हैं। लैंडर मॉड्यूल में मौजूद इल्सा, रंभा और चेस्ट आज चालू हो गए। रोवर ने चलना शुरू कर दिया है। ‘प्रोपल्शन मॉड्यूल’ में मौजूद ‘शेप’ पेलोड का संचालन रविवार को शुरू हो गया था।”