Chandrayaan-3 Landing: पूरा भारत इस समय चंद्रयान-3 की लैंडिंग की प्रार्थना कर रहा है। देश में कई जगहों पर चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए हवन किए जा रहे हैं। इस बीच मशहूर एस्ट्रोनॉमर प्रोफेसर डॉ. आर सी कपूर ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में लैंडर और रोवर को लेकर अहम जानकारी दी है।

उन्होंने चंद्रयान-3 मिशन पर न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि लैंडर और रोवर फिलहाल चंद्रमा की प्री-लैंडिंग कक्षा में चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लैंडर और रोवर को पिछली बार की स्थिति की जांच करके तैयार किया गया है। एल्गोरिथम को बग-मुक्त बनाया गया है। इसके अलावा, लेग मैकेनिज्म जो कि लैंडर के डिजाइन का एक प्रमुख हिस्सा है, को भी मजबूत बनाया गया है…”

तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा चंद्रयान-3 मिशन- ISRO

चंद्रयान– 3 के चंद्रमा पर उतरने के निर्धारित समय से एक दिन पहले ISRO ने मंगलवार को कहा कि चंद्रयान-3 मिशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है। ISRO ने सिस्टम की नियमित जांच की जा रही है। सुचारू संचालन जारी है।

ISRO ने बताया कि एमओएक्स/आईएसटीआरएसी से चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर उतरने का सीधा प्रसारण बुधवार शाम पांच बजकर 20 मिनट से शुरू किया जाएगा। लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल के बुधवार को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह के दक्षिण ध्रुवी क्षेत्र के निकट उतरने की उम्मीद है।

चंद्रयान-3 की लैंडिंग जरूर सफल होगी: अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम

भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान की निदेशक अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम (Annapurni Subramaniam) ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) चंद्रमा के दक्षिणी पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग में सफल रहेगा। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 की लैंडिंग के दौरान आने वाली समस्याओं की पहचान की गई और उन्हें ठीक किया गया है। इसलिए उन्हें उम्मीद है कि मिशन सफल होगा। अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि व्यापक टेस्टिंग और सिमुलेशन को देखते हुए हमें उम्मीद है कि इस बार लैंडिंग निश्चित रूप से सफल रहेगी।