Chandigarh Mayor Election Results: चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी को मेयर पद चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। चंडीगढ़ मेयर पद के लिए बीजेपी की प्रत्याशी हरप्रीत कौर बाबला ने मेयर चुनाव जीत लिया है। उन्हें 19 वोट मिले जबकि आम आदमी पार्टी गठबंधन को 17 वोटों से संतोष करना पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन पार्षदों ने बीजेपी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की।
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी को मिली जीत के बाद नई मेयर हरप्रीत कौर बाबला के पति और बीजेपी के उपाध्यक्ष देविंदर सिंह बाबला ने कहा कि हमें जीत का विश्वास था। हमें पता था ऐसा ही होगा, रहा-सहा काम मेयर कुलदीप कुमार ने नगर निगम को लूट-लूटकर पूरा कर दिया। काम किया नहीं, भ्रष्टाचार किया। हम इसकी जांच करवाएंगे। उनके पार्षदों ने भी हमें वोट दिया।
चंडीगढ़ नगर निगम में किस पार्टी के कितने पार्षद? – 27 जनवरी को चंडीगढ़ नगर निगम वार्ड नंबर 27 से पार्षद गुरबख्श रावत बीजेपी में शामिल हुई थीं। उनके आने के बाद चंडीगढ़ नगर निगम में बीजेपी पार्षदों की संख्या 16 हो गई जबकि कांग्रेस पार्टी के पार्षदों की संख्या घटकर 6 रह गई। चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के 13 पार्षद हैं।
इनके अलावा चंडीगढ़ के सांसद को भी नगर निगम के पदेन सदस्य के तौर पर मतदान करने का अधिकार प्राप्त है। कांग्रेस पार्टी के मनीष तिवारी चंडीगढ़ के मौजूदा सांसद हैं। आप और कांग्रेस गठबंधन के तहत चंडीगढ़ मेयर पद का चुनाव लड़ रहे थे।
Chandigarh Mayor Election से पहले सुप्रीम कोर्ट ने रिटायर्ड जज को नियुक्त किया था पर्यवेक्षक
चंडीगढ़ मेयर चुनाव से सुप्रीम कोर्ट ने बीते सोमवार को पंजाब और हरियाणा पूर्व जस्टिस (रिटायर्ड) जयश्री ठाकुर को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। इसके अलावा हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव की वीडियोग्राफी की जाए।
सुप्रीम कोर्ट में AAP से चंडीगढ़ के मेयर कुलदीप कुमार ने एक याचिका दायर कर मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए “गुप्त मतदान” के बजाय “हाथ उठाकर मतदान” का निर्देश देने का अनुरोध किया था। हालांकि, बेंच ने उनके अनुरोध को खारिज कर दिया।
आपको बता दें कि पिछले साल 20 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने विवादास्पद चुनाव के परिणाम को पलटते हुए आप-कांग्रेस गठबंधन के पराजित उम्मीदवार कुलदीप कुमार को चंडीगढ़ का मेयर घोषित किया था। उस चुनाव में बीजेपी कैंडिडेट अप्रत्याशित रूप से विजेता बनकर उभरे थे।
ये भी पढ़ें: ट्रिपल तलाक पर कानून बना दिया, FIR कितनी दर्ज हुईं? सुप्रीम कोर्ट का केंद्र से सवाल