मौका था वर्ल्ड थिएटर डे का। कांग्रेस ने इसका इस्तेमाल पीएम नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने के लिए किया। मोदी के जज्बाती लम्हों काएक वीडियो शेयर करके पार्टी ने तंज कसा, पीएम मोदी केवल तीन चीजों में माहिर हैं, मनोरंजन, मनोरंजन और मनोरंजन।

इंस्टाग्राम पर पार्टी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें 2014 से लेकर अब तक की उन घटनाओं को संकलित किया गया है जब मोदी किसी बात को लेकर भावुक हुए और उनके आंसू छलक पड़े। इसमें शुरुआत में उस लम्हे को दिखाया गया है, जब मोदी 2014 में पहली बार संसद पहुंचे थे। क्लिप में देश के उप प्रधानमंत्री रहे लालकृष्ण आडवाणी का चेहरा भी दिखाई देता है।

ध्यान रहे कि संसद में अपने पहले दिन मोदी बेहद भावुक हो गए थे। उन्होंने संसद में घुसने से पहले अपना शीश नवाया था। उनकी आंखों से तब आंसू छलक पड़े थे जब आडवाणी ने कहा था कि मोदी ने बीजेपी का नेतृत्व स्वीकार करके पार्टी पर एहसान किया। अश्रुपूरित नेत्रों से तब मोदी ने जवाब दिया था कि पार्टी मेरी मां है और मां पर कोई कैसे एहसान कर सकता है। यह वाकया तब काफी सुर्खियों में रहा था।

वीडियो में आगे बढ़ने के साथ कुछ और जज्बाती क्षण दिखते हैं। इसमें नोटबंदी के दौरान मोदी की छलकों से आंसू कैद हैं तो इसके आखिर में वह लम्हा कैद है जब कांग्रेस नेता गंलाम नबी की विदाई के वक्त मोदी रो पड़े थे। यह हाल का ही वाकया है। मोदी एक आतंकी घटना के संदर्भ में आजाद का जिक्र करते हुए भावुक हुए। सदन में उनके आखिरी दिन मोदी की आंखें और गला दोनों भर आया था।

कांग्रेस ने उन पर कटाक्ष करते हुए पोस्ट में लिखा कि मोदी अभिनय में माहिर हैं और अक्सर वह लोगों का मनोरंजन ही करते देखे जाते हैं। INCINDIA के हैंडल से यह वीडियो ट्वीट किया गया है। खास बात है कि इसमें मोदी की भाव भंगिमाओं के हिसाब से म्यूजिक भी डाला गया है। छोटी-छोटी क्लिपिंग्स को एकत्र करके यह वीडियो तैयार किया गया है। चार घंटे पहले डाले गए वीडियो को अब तक 39 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा है।