अमेरिका के मोंटाना में मशहूर ग्लेशियर नेशनल पार्क में पिछले महीने एक भारतीय इंजीनियर के डूबने का मामला सामने आया था। जिसका शव अब मिल गया है। आईटी पेशेवर सिद्धांत पाटिल पुणे के रहने वाले थे। अमेरिकी अधिकारियों ने परिवार को उनके शव मिलने की जानकारी दी थी। वह 6 जुलाई को सात दोस्तों के साथ रॉकी पर्वत के पार्क में हाइकिंग कर रहे थे तभी यह हादसा हुआ था। अब उनके शव को भारत लाने का प्रयास किया जा रहा है।
जो कपड़े उस वक्त पहने थे…
सिद्धांत पाटिल के डूबने के बाद उन्हें खोजने के तमाम प्रयास किए गए थे। लेकिन उनका शव नहीं मिल पाया था। अब पार्क अधिकारियों की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति का हवाला देते हुए बताया गया है कि घटना के वक़्त पाटिल ने जो कपड़े और घड़ी वागेरह पहने हुए थे, उनसे मिलते-जुलते कपड़े भी बरामद किए गए हैं। लेकिन पहचान पूरी करने के लिए अभी भी डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। वह महाराष्ट्र के रहने वाले थे और कैलिफोर्निया में काम कर रहे थे और घटना के समय दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने आए थे।
परिवार को थी ज़िंदा होने की उम्मीद
घटना के कई दिन गुज़र जाने के बाद भी पाटिल का परिवार उनके बचे होने की उम्मीद कर रहा था। 14 जुलाई को इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए, उनके चाचा प्रीतेश चौधरी ने कहा था कि हमें उम्मीद है कि सिद्धांत जीवित मिलेगा। चमत्कार होते हैं, और हम ऐसे ही किसी चमत्कार का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। परिवार के मुताबिक पाटिल अपनी यात्रा के दौरान अपनी मां को फोन किया था और कहा था कि वह छह अन्य दोस्तों के साथ तीन दिनों के लिए पार्क है और जल्द लौट जाएगा। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। 2020 से अमेरिका में थे। वह कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, लॉस एंजिल्स (यूसीएलए) से एमएस करने के लिए वहां गए और 2023 में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में जॉब करने लगे थे।
