छत्तीसगढ़ में शाम को विष्णुदेव साय सीएम पद की शपथ लेंगे। इससे पहले ही नक्सलियों ने नारायणपुर में दुस्साहसपूर्ण काम किया है। नक्सलियों ने नारायणपुर में हमला किया है। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, नारायणपुर में हुए ब्लास्ट में एक CAF जवान शहीद हुआ है जबकि एक घायल है। यह हादसा सुबह करीब 11 बजे आमदाई घाटी माइन एरिया में हुआ।

न्यूज एजेंसी PTI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में छोटे डोंगर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत अमदई घाटी स्थित लौह अयस्क खदान क्षेत्र में बम विस्फोट के कारण छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के नवमी बटालियन के जवान कमलेश साहू शहीद हो गए और कांस्टेबल विनय कुमार घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमदई घाटी क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने विस्फोट किया और जवानों पर गोलीबारी भी की जिसके बाद सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में घायल हुए विनय को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद जवान कमलेश राज्य के जांजगीर क्षेत्र के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।