भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी के निर्वाचन क्षेत्र कृष्णानगर स्थित चुनाव कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का वकीलों के साथ संघर्ष हुआ। इसमें तीन लोग घायल हो गए।
संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय बेनीवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और वकीलों के एक समूह में संघर्ष हुआ। वे बेदी के प्रचार कार्यालय के बाहर उनके खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। वकीलों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।
इसके बाद तीखी बहस हुई, जिसने दोनों पक्षों के बीच संघर्ष का रूप ले लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। किसी ने भी अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। कोई प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई है।
जिला अदालतों के वकील दिल्ली विधानसभा चुनाव में किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के भाजपा के फैसले का विरोध कर रहे हैं। वकील तीसहजारी अदालत में 1988 में वकीलों पर किरण बेदी द्वारा लाठी चार्ज करवाने को लेकर सालों से उनका विरोध करते रहे हैं।
बेदी उस समय पुलिस उपायुक्त थीं। बाद में बेदी ने कहा कि उन्होंने घटना के बाद अपनी रैली समय घटा दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे सूचित किया गया है कि कृष्णानगर में मेरे भाजपा चुनाव कार्यालय पर हमला किया गया है। कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना दी गई है। रैली समाप्त कर लौट रही हूं।