11 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को भाजपा ने छह और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। दूसरी लिस्ट पीएम मोदी और पार्टी प्रमुख अमित शाह ने मिलकर सोमवार को फाइनल की है। इसमें रेलमंत्री सुरेश प्रभु, पार्टी प्रवक्ता एमजे अकबर और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्‍त्रबुद्धे शामिल हैं। इसके साथ सूत्रों का कहना है कि पार्टी जी ग्रुप के मालिक सुभाष चंद्रा को भी समर्थन कर सकती हैं। चंद्रा हरियाणा से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री चौधरी बिरेंद्र सिंह को हरियाणा से पहले ही मनोनीत कर दिया, हालांकि, अभी भी हरियाणा से दो सीटें खाली हैं।

Read Also: राज्यसभा के लिए बड़े नेताओं की चर्चा से प्रदेश BJP में मायूसी

वहीं सुरेश प्रभु को आंध्र प्रदेश और एमजे अकबर को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजा जाएगा। सहस्‍त्रबुद्धे और विकास माहाते को महाराष्ट्र से मनोनीत किया गया है। उत्तरप्रदेश से भाजपा की राज्य ईकाई के उपाध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ला को राज्यसभा भेजा जाएगा। शुक्ला केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की जगह लेंगे, जो कि इस बार भाजपा के झारखंड से उम्मीदवार हैं।

पार्टी ने झारखंड से दूसरा उम्मीदवार महेश पोद्दार को बनाया है। भाजपा के झारखंड विधानसभा में 47 वोट हैं और एक सीट जीतने के लिए 28 वोट जरूरी हैं। ऐसे में दूसरे उम्मीदवार के लिए 19 वोट बचते हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने जीत की उम्मीद के साथ दूसरा उम्मीदवार उतारा है। महाराष्ट्र से पार्टी ने विकास माहाते को मनोनीत किया है। बताया जा रहा है कि सीएम देवेंद्र फडणवीस ने माहाते को मनोनीत करने का सुझाव दिया था।